चोरी की कार संग तीन युवक गिरफ्तार

दिल्ली से चोरी हुई कार में घूम रहे थे आरोपी, टाउन पुलिस ने 2.50 लाख की संदिग्ध नकदी भी जब्त की

हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली से चोरी हुई कार और 2.50 लाख रुपये की संदिग्ध नकदी के साथ बीकानेर के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बड़ा बास रासीसर निवासी नन्दकिशोर (29), अनिल कुमार मंडा (26) और विष्णु देव (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने कार और नकदी को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बिना नंबर की कार ने बढ़ाया शक

पुलिस के अनुसार 30 जून को थानाधिकारी अशोक बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान डीएसटी प्रभारी राजपाल से मिली सूचना के आधार पर बिना नंबर प्लेट की एक कार को रुकवाया गया। कार में सवार तीनों युवकों से पूछताछ के दौरान वाहन के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इंजन और चेसिस नंबर की जांच के बाद वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया।

डैशबोर्ड से मिली 2.50 लाख की नकदी

वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को डैशबोर्ड से 2 लाख 50 हजार रुपये नकद मिले। पूछताछ में आरोपी इस राशि का कोई संतोषजनक हिसाब या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस ने बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत नकदी को भी जब्त कर लिया और उसके स्रोत की जांच शुरू कर दी।

दिल्ली में दर्ज है कार चोरी का मामला

पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद कार दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। इस संबंध में 7 मई को दिल्ली में मामला दर्ज किया गया था। जानकारी मिलते ही हनुमानगढ़ पुलिस ने दिल्ली पुलिस को सूचना भेज दी और तीनों आरोपियों को बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह या अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंध तो नहीं है। इस कार्रवाई में एएसआई नरेश कुमार, हेड कांस्टेबल मानसिंह, कांस्टेबल विनोद कुमार, डीआर कांस्टेबल विक्रम तथा डीएसटी प्रभारी राजपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---