11.21 लाख अभ्यर्थी सफल, मेडिकल काउंसलिंग का रास्ता साफ, 58% से अधिक सफल उम्मीदवार छात्राएं
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) यानी NEET UG 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। निर्धारित समय के भीतर जारी किए गए इस परिणाम के साथ ही देशभर के लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार समाप्त हो गया। अब सफल अभ्यर्थी एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य स्नातक मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए होने वाली काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। एनटीए ने स्पष्ट किया कि परिणाम समय पर जारी करने का उद्देश्य मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया और काउंसलिंग को तय कार्यक्रम के अनुसार पूरा करना है।
20 लाख परीक्षार्थियों में 11.21 लाख सफल
इस वर्ष NEET UG 2026 परीक्षा में देश और विदेश के परीक्षा केंद्रों पर करीब 20 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में बनाए गए 5,440 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इनमें से 11.21 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पात्रता हासिल की है। खास बात यह रही कि सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं, जो मेडिकल शिक्षा में महिलाओं की लगातार बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
टॉपर्स और कट-ऑफ की सूची भी जारी
एनटीए ने परिणाम के साथ ऑल इंडिया टॉपर्स, राज्यवार टॉपर्स, श्रेणीवार मेरिट सूची, कट-ऑफ अंक और भाषा-वार भागीदारी का विवरण भी जारी किया है। अभ्यर्थी अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर देख और डाउनलोड कर सकते हैं। इस वर्ष 720 में से सर्वाधिक 715 अंक पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने प्राप्त किए हैं। परीक्षा का आयोजन देशभर में 13 भाषाओं में किया गया था, जिससे विभिन्न राज्यों के अभ्यर्थियों को अपनी पसंदीदा भाषा में परीक्षा देने का अवसर मिला।
री-एग्जाम के बाद घोषित हुआ रिजल्ट
NEET UG 2026 की मूल परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी, लेकिन पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के आरोपों के बाद इसे निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद एनटीए ने 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की। परिणाम जारी होने से लगभग एक घंटे पहले अंतिम उत्तर कुंजी (आंसर की) भी प्रकाशित की गई। अब परिणाम घोषित होने के साथ ही मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में दाखिले के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है।






