नामांकन पत्रों की संवीक्षा में जिले में 380 पर्चे खारिज, 1485 वैध

आठ नगरीय निकायों के 290 वार्डों में 1355 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित; 3 सितंबर तक नाम वापसी का मौका

हनुमानगढ़, 2 सितंबर। नगरीय निकाय चुनाव के तहत जिले के आठ नगरीय निकायों के 290 वार्डों में पार्षद पद के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की संवीक्षा की प्रक्रिया पूरी हो गई है। संवीक्षा के बाद सामने आए आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 1865 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जिनमें से 380 नामांकन पत्र अस्वीकृत किए गए, जबकि 1485 नामांकन पत्र वैध पाए गए। इन वैध नामांकन पत्रों के आधार पर कुल 1355 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम श्री उम्मेदी लाल मीना ने बताया कि अब निर्वाचन कार्यक्रम के अगले चरण में वैध रूप से नामांकित अभ्यर्थियों के लिए अभ्यर्थिता वापस लेने का अवसर रहेगा। 3 सितंबर 2026 को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद 4 सितंबर को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चुनाव मैदान में रहने वाले अभ्यर्थियों की वास्तविक संख्या स्पष्ट होगी।

हनुमानगढ़ नगर परिषद में 50 नामांकन अस्वीकृत

हनुमानगढ़ नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए कुल 379 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। संवीक्षा के दौरान इनमें से 50 नामांकन पत्र अस्वीकृत किए गए, जबकि 329 नामांकन पत्र वैध पाए गए। इनसे कुल 313 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए हैं।

संगरिया में 13, टिब्बी में 37 पर्चे निरस्त

संगरिया नगर पालिका में 172 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जिनमें से 13 निरस्त और 159 वैध पाए गए। यहां 139 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए हैं।

वहीं टिब्बी नगर पालिका में कुल 129 नामांकन पत्रों में से 37 निरस्त तथा 92 वैध पाए गए। यहां 92 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए हैं।

रावतसर में सबसे अधिक 88 नामांकन अस्वीकृत

रावतसर नगर पालिका में 325 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। संवीक्षा के दौरान 88 नामांकन पत्र निरस्त तथा 237 वैध पाए गए। इसके आधार पर 204 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए हैं।

भादरा नगर पालिका में कुल 263 नामांकन पत्रों में से 44 निरस्त और 219 वैध पाए गए। यहां 203 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए।

इसी प्रकार नोहर नगर पालिका में 163 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें 27 निरस्त और 136 वैध पाए गए। इसके आधार पर 131 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए हैं।

गोलूवाला और पीलीबंगा के आंकड़े भी सामने आए

गोलूवाला नगर पालिका में कुल 150 नामांकन पत्रों में से 34 अस्वीकृत तथा 116 वैध पाए गए। यहां 106 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए हैं।

पीलीबंगा नगर पालिका में कुल 284 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें से 87 नामांकन पत्र निरस्त तथा 197 वैध पाए गए। इसके आधार पर 167 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए हैं।

नाम वापसी के बाद तस्वीर होगी साफ

संवीक्षा पूरी होने के साथ ही चुनावी प्रक्रिया अगले महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई है। अभी वैध रूप से नामांकित अभ्यर्थियों के पास नाम वापस लेने का अवसर है। 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद 4 सितंबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद सभी नगरीय निकायों में चुनावी मुकाबले की अंतिम तस्वीर सामने आएगी।

9 और 11 सितंबर को होगा मतदान

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में नोहर, भादरा, संगरिया, टिब्बी एवं रावतसर नगर पालिकाओं में 9 सितंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। वहीं द्वितीय चरण में नगर परिषद हनुमानगढ़ तथा नगर पालिका गोलूवाला एवं पीलीबंगा में 11 सितंबर 2026 को मतदान होगा। मतदान का समय प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक निर्धारित है।

दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर 2026 को होगी। नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद अब प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की नजरें नाम वापसी तथा चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पर टिक गई हैं। इसके बाद चुनाव प्रचार भी पूरी तरह गति पकड़ने की उम्मीद है।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---