नगरीय निकाय चुनाव में निगरानी के लिए पर्यवेक्षक रचना भाटिया कल पहुंचेंगी हनुमानगढ़

सोमवार सुबह 9 बजे होगा आगमन, सर्किट हाउस में रहेगा प्रवास; मतदान से लेकर अध्यक्ष-उपाध्यक्ष निर्वाचन तक चुनावी प्रक्रिया पर रखेंगी नजर

हनुमानगढ़, 6 सितंबर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर प्रशासन ने चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। जिले की सभी नगरीय निकायों में निर्वाचन प्रक्रिया के पर्यवेक्षण के लिए राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक एवं बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय, बीकानेर की रजिस्ट्रार श्रीमती रचना भाटिया सोमवार प्रातः 9 बजे हनुमानगढ़ पहुंचेंगी। वे निर्वाचन अवधि के दौरान सर्किट हाउस में प्रवास करते हुए जिले में चल रही चुनाव संबंधी गतिविधियों का पर्यवेक्षण करेंगी।

राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशों की अनुपालना में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने पर्यवेक्षक के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के संबंध में आदेश जारी किए हैं। प्रशासन की ओर से पर्यवेक्षक के साथ समन्वय के लिए लाईजन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं।

पर्यवेक्षक प्रकोष्ठ के प्रभारी और लाईजन अधिकारी नियुक्त

जारी आदेश के अनुसार उपवन संरक्षक डॉ. सज्जन कुमार को पर्यवेक्षक प्रकोष्ठ का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) श्री यशपाल असीजा को लाईजन अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लाईजन अधिकारी पर्यवेक्षक और जिला प्रशासन के बीच आवश्यक समन्वय स्थापित करेंगे।

पर्यवेक्षक के ठहरने की व्यवस्था हनुमानगढ़ के सर्किट हाउस के कक्ष संख्या 102 में की गई है। इसके अलावा उनके लिए वाहन एवं चालक की व्यवस्था करने के साथ ही सुरक्षा के लिए पुलिस कार्मिक की नियुक्ति भी की गई है।

मतदान से अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव तक रहेगी निगरानी

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव के अनुसार पर्यवेक्षक जिले में नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया के दौरान मतदान सहित अन्य चुनावी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी। वे राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप निर्वाचन कार्यों का पर्यवेक्षण करेंगी तथा सभापति/अध्यक्ष एवं उप सभापति/उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होने तक जिले में रहेंगी।

प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को पर्यवेक्षक के साथ आवश्यक समन्वय बनाए रखने तथा उन्हें निर्वाचन से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां एवं सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।

नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की गतिविधियां पहले ही तेज हो चुकी हैं। ऐसे में पर्यवेक्षक के आगमन के साथ ही जिले में निर्वाचन प्रक्रिया की प्रशासनिक निगरानी भी और अधिक सक्रिय हो जाएगी।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---