जीत का जश्न नहीं, नियमों का सम्मान जरूरी

नगर निकाय चुनाव में विजय जुलूस पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर होगी नियमानुसार कार्रवाई

एआई इमेज

हनुमानगढ़, 7 सितंबर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। आयोग के निर्देशानुसार चुनाव में जीत हासिल करने वाले प्रत्याशियों, निर्वाचित सदस्यों, अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष की ओर से किसी भी प्रकार का विजय जुलूस निकालने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) उम्मेदी लाल मीना ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान विजय जुलूस अथवा किसी भी प्रकार का शक्ति प्रदर्शन आयोजित नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

9 और 11 सितंबर को मतदान, 14 को मतगणना

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के सदस्य पदों के लिए प्रथम चरण का मतदान 9 सितंबर तथा द्वितीय चरण का मतदान 11 सितंबर को होगा। इसके बाद 14 सितंबर को मतगणना कराई जाएगी। वहीं अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन 21 सितंबर तथा उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन 22 सितंबर को होगा।

आदर्श आचार संहिता और व्यय प्रकोष्ठ को दिए निर्देश

आयोग के निर्देशों की प्रभावी पालना के लिए प्रभारी अधिकारी आदर्श आचार संहिता प्रकोष्ठ, व्यय प्रकोष्ठ तथा जिले के सभी रिटर्निंग अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्वाचन आयोग के आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

जीत के बाद भी संयम जरूरी

प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों, राजनीतिक दलों और उनके समर्थकों से अपील की है कि चुनाव परिणाम आने के बाद जीत की खुशी में किसी प्रकार का जुलूस, शक्ति प्रदर्शन या ऐसा आयोजन नहीं किया जाए, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो। प्रशासन का कहना है कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उल्लंघन की स्थिति में संबंधित के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने चुनाव में भाग लेने वाले सभी पक्षों से लोकतांत्रिक मर्यादाओं और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सम्मान करने की अपील की है।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---