समर्थकों ने लड्डुओं से तौला, स्थानीय समस्याओं को लेकर रखी प्राथमिकताएं
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड संख्या 12 में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. देवीलाल के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने उन्हें लड्डुओं से तौलकर अपना समर्थन जताया।
इस अवसर पर डॉ. देवीलाल ने वार्ड की स्थानीय समस्याओं और मतदाताओं की जरूरतों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं सामने रखीं। उन्होंने कहा कि वार्ड में स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति, सड़कों का निर्माण तथा अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करना उनका उद्देश्य रहेगा।
उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की आवश्यकताओं को समझते हुए संबंधित समस्याओं को नगर परिषद स्तर पर उठाने और उनके समाधान की दिशा में कार्य करने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. देवीलाल ने आगामी नगर परिषद चुनाव में वार्डवासियों से अपने चुनाव चिन्ह बांसुरी पर मतदान करने की अपील की। चुनाव प्रचार के बीच वार्ड में विभिन्न प्रत्याशियों की ओर से मतदाताओं से संपर्क का दौर जारी है।






