पर्यवेक्षक रचना भाटिया ने संगरिया-टिब्बी में लिया जायजा, जिला कलक्टर व एसपी ने रावतसर-नोहर के 10 क्रिटिकल केंद्रों और स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण
हनुमानगढ़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के मतदान से पहले जिले में प्रशासन एवं पुलिस ने चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक श्रीमती रचना भाटिया ने मंगलवार को संगरिया एवं टिब्बी नगर निकाय क्षेत्रों के क्रिटिकल मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला
कलक्टर डॉ. खुशाल यादव तथा पुलिस अधीक्षक
बी. आदित्य ने रावतसर एवं नोहर नगर निकाय क्षेत्रों के 10 क्रिटिकल मतदान केंद्रों तथा स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
संगरिया-टिब्बी में पर्यवेक्षक ने परखी व्यवस्थाएं
प्रथम चरण के मतदान से पूर्व पर्यवेक्षक श्रीमती रचना भाटिया ने संगरिया एवं टिब्बी नगर निकाय क्षेत्रों के क्रिटिकल मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की गई तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को सुचारू एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
रावतसर में पांच क्रिटिकल मतदान केंद्रों का निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव एवं पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य ने सबसे पहले रावतसर के वार्ड संख्या 12 स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए तीन मतदान केंद्रों एवं स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यहां मतदान प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं तथा सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली।
इसके बाद दोनों अधिकारियों ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, जोधावास में स्थापित दो क्रिटिकल मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात रखने तथा मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
नोहर में भी पांच केंद्रों का लिया जायजा
रावतसर के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, ढाणी सीखान तथा राजकीय विद्यालय, सरदारपुरा खालसा (नोहर) में स्थापित पांच क्रिटिकल मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं और निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मतदान दलों तथा सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सर्वोच्च प्राथमिकता
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराना जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने तथा किसी भी स्थिति में निर्वाचन प्रक्रिया प्रभावित नहीं होने देने के निर्देश दिए।
प्रथम चरण के मतदान से पहले क्रिटिकल मतदान केंद्रों के निरीक्षण के जरिए प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया की निगरानी को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। अधिकारियों ने मतदान दलों एवं सुरक्षा कर्मियों को आयोग के निर्देशों के अनुरूप पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश भी दिए।






