हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

भादरा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के सहारे दबोचा, आरोपी से हत्या को लेकर पूछताछ जारी

हनुमानगढ़। जिले के भादरा थाना क्षेत्र में हुई हत्या की वारदात का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुपशहर निवासी 30 वर्षीय अमित सिंह के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी पॉक्सो एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल उससे हत्या के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।

घर के आंगन में मिला था शव

पुलिस के अनुसार 29 जून को कलाना निवासी इन्द्र सिंह ने भादरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर जब वह अपने भाई पेप सिंह उर्फ पप्पूसिंह के किराये के मकान पहुंचे तो उनका शव आंगन में पड़ा मिला। सिर पर गंभीर चोट के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ था और घटनास्थल पर चारों ओर खून फैला हुआ था। परिवादी ने घटना की रात मकान में मौजूद हेम कंवर और उसके पुत्र अमित राजपूत पर संदेह जताया, जो वारदात के बाद से लापता थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विशेष टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी, आरपीएस प्रोबेशनर राजेन्द्र कुमार और भादरा थानाधिकारी लखवीर सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। एमओबी और एफएसएल टीमों ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। इसके साथ ही आरोपियों की तलाश के लिए थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया और तकनीकी इनपुट के आधार पर लगातार दबिश दी गई।

डीएसटी के सहयोग से मिली सफलता

जिला विशेष टीम (डीएसटी) और स्थानीय पुलिस के संयुक्त प्रयास से मुख्य आरोपी अमित सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पंजाब के मुनक थाना क्षेत्र में पॉक्सो एक्ट का एक मामला तथा भादरा थाने में आबकारी अधिनियम के दो मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से हत्या के कारणों और वारदात के अन्य पहलुओं को लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है तथा मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---