एमएसएमई हैकाथॉन का होस्ट बना एसकेडीयू

उत्तर-पश्चिम राजस्थान में एकमात्र चयनित संस्थान, नवाचारों को 15 लाख तक की सहायता मिलेगी

हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय (एसकेडीयू), हनुमानगढ़ को एमएसएमई आइडिया हैकाथॉन 6.0 के लिए उत्तर-पश्चिम राजस्थान का एकमात्र एमएसएमई इनोवेटिव होस्ट इंस्टीट्यूट चुना गया है। भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) तथा शिक्षा मंत्रालय के इंस्टीट्यूशन्स इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का उद्देश्य नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देना है।

चयनित आइडिया को 15 लाख तक का सहयोग

श्री गुरु गोबिंद सिंह चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और युवा नवाचारकर्ताओं के लिए नए अवसर लेकर आई है। विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन वरुण यादव ने कहा कि संस्थान युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। वहीं प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार जुनेजा ने बताया कि चयनित प्रत्येक नवाचार को 15 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी, जिससे प्रतिभागी अपने विचारों को प्रोटोटाइप और स्टार्टअप के रूप में विकसित कर सकेंगे।

इन क्षेत्रों के नवाचारों को मिलेगा मौका

विश्वविद्यालय के इन्क्यूबेशन सेंटर के निदेशक एवं कैंपस समन्वयक डॉ. अवधेश शर्मा ने बताया कि प्रतिभागी नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा दक्षता, ऑटोमोटिव तकनीक, इंडस्ट्री 4.0 एवं 5.0, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और अन्य अत्याधुनिक तकनीकों से जुड़े नवाचार प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रत्येक प्रतिभागी को अपने विचार का कार्यशील प्रोटोटाइप तैयार करना होगा। प्रतियोगिता में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के विद्यार्थी, शोधार्थी, स्टार्टअप, उद्यमी, नवाचारकर्ता और यूडीएम पोर्टल पर पंजीकृत एमएसएमई इकाइयां भाग ले सकती हैं।

14 जुलाई तक होंगे आवेदन

हैकाथॉन के लिए ऑनलाइन आवेदन 27 जून से शुरू हो चुके हैं और अंतिम तिथि 14 जुलाई निर्धारित की गई है। इच्छुक प्रतिभागियों को एमएसएमई के आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन करते समय होस्ट संस्थान के रूप में श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय, हनुमानगढ़ का चयन करना होगा। विश्वविद्यालय का इन्क्यूबेशन सेंटर आवेदन प्रक्रिया, परियोजना प्रस्ताव तैयार करने, आइडिया चयन और प्रोटोटाइप विकास में तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने युवाओं से इस राष्ट्रीय मंच का लाभ उठाकर अपने नवाचारों को उद्योगों से जोड़ने और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान किया।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---