पंजाब-हरियाणा पहुंचा मानसून, अब राजस्थान में होगी एंट्री

25 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, दिल्ली में झमाझम बारिश से गर्मी से राहत

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बुधवार को पंजाब और हरियाणा में दस्तक दे दी। इसके साथ ही अब केवल दिल्ली और राजस्थान ऐसे राज्य बचे हैं, जहां मानसून की औपचारिक एंट्री होना बाकी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों में मानसून राजस्थान में भी प्रवेश कर सकता है। हालांकि विभाग ने जुलाई के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना भी जताई है।

राजस्थान में बढ़ीं बारिश की गतिविधियां

मानसून के करीब पहुंचने के साथ राजस्थान के कई इलाकों में मौसम ने करवट ले ली है। कोटा और भरतपुर संभाग में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ी हैं, जबकि करौली और जयपुर में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 25 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि जुलाई के शुरुआती दो सप्ताह में जयपुर में सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है, जबकि इसके बाद मानसून की रफ्तार कुछ धीमी पड़ने के आसार हैं। दूसरी ओर, श्रीगंगानगर सहित भारत-पाकिस्तान सीमा से लगे जिलों में गर्मी का असर अभी भी बरकरार है। बुधवार को श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कई राज्यों में बारिश बनी मुसीबत

दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह तेज बारिश के साथ लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, लेकिन जलभराव और धीमी यातायात व्यवस्था के कारण स्कूल और दफ्तर जाने वालों को परेशानी उठानी पड़ी। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, बिहार, झारखंड और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भी भारी बारिश का असर देखने को मिला। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी, जबकि बिहार में आकाशीय बिजली गिरने से तीन और झारखंड में दो लोगों की मौत हो गई।

बाढ़ और करंट की घटनाएं भी सामने आईं

गुजरात के अमरेली जिले में भारी बारिश के कारण रायदी नदी में बाढ़ आ गई, जिसमें कई महिलाएं फंस गईं। ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया, हालांकि 30 से अधिक बकरियां बह गईं। वहीं नवी मुंबई के नेरुल क्षेत्र में बारिश के दौरान सड़क पर भरे पानी में करंट फैलने से दो छात्राएं झुलस गईं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---