स्कूटी योजना की अस्थाई सूची जारी

कालीबाई भील और देवनारायण योजना की पात्र छात्राएं 6 जुलाई तक दर्ज करा सकेंगी आपत्तियां

उच्च शिक्षा विभाग, राजस्थान ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना और देवनारायण छात्रा स्कूटी योजना की अस्थाई वरीयता सूची जारी कर दी है। विभाग ने पात्र छात्राओं से अपील की है कि वे सूची में दर्ज अपने नाम, अंक, श्रेणी और अन्य विवरणों का सावधानीपूर्वक मिलान करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो संबंधित महाविद्यालय में 6 जुलाई तक लिखित आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।

8 जुलाई तक भेजी जाएंगी आपत्तियां

जिला नोडल अधिकारी डॉ. राजकुमार ने बताया कि 22 जून तक जांच और स्वीकृत किए गए सभी आवेदन अस्थाई वरीयता सूची में शामिल किए गए हैं। महाविद्यालय स्तर पर प्राप्त आपत्तियों की जांच के बाद उनकी संकलित सूची 8 जुलाई तक जिला नोडल महाविद्यालय को भेजी जाएगी। इसके बाद ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सभी आपत्तियों का परीक्षण कर 11 जुलाई तक अंतिम कार्रवाई पूरी की जाएगी।

जनआधार में पहले करवाना होगा संशोधन

डॉ. राजकुमार ने बताया कि यदि छात्राओं के नाम, पिता या पति का नाम, जन्मतिथि, जाति, श्रेणी, मोबाइल नंबर, बैंक खाता अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी में कोई त्रुटि है तो पहले उसे ई-मित्र केंद्र के माध्यम से जनआधार में अपडेट करवाना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही छात्रवृत्ति पोर्टल पर प्रोफाइल में संशोधन संभव होगा। ऐसे मामलों में नोडल महाविद्यालय या विभागीय स्तर पर सीधे बदलाव स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

अंक और बोर्ड संबंधी त्रुटियों के लिए अलग प्रक्रिया

यदि किसी छात्रा को 12वीं कक्षा के अंक, प्रतिशत, संकाय, विद्यालय के प्रकार या बोर्ड संबंधी जानकारी में सुधार कराना है तो वह निर्धारित प्रपत्र के साथ 6 जुलाई शाम 5 बजे तक संबंधित महाविद्यालय के प्राचार्य अथवा जिला शिक्षा अधिकारी को आवेदन दे सकती है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी पात्र छात्राओं से समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---