भाजपा ने झूले, खेल सामग्री और ओपन जिम लगाने के लिए नगर परिषद को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़ टाउन स्थित फोर्ट स्कूल पार्क में बच्चों और महिलाओं के लिए अतिरिक्त सुविधाएं विकसित करने की मांग उठी है। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी और नगर मंडल अध्यक्ष नितिन बंसल ने शहरी सेवा शिविर के दौरान नगर परिषद आयुक्त के नाम प्रभारी बब्बू सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पार्क में बच्चों के लिए झूले, खेल उपकरण तथा महिलाओं के लिए ओपन जिम मशीनें स्थापित कराने की मांग की गई।
बड़ी संख्या में पहुंचते हैं शहरवासी
ज्ञापन में बताया गया कि सोरगर मोहल्ला के पास स्थित भटनेर फोर्ट स्कूल पार्क नगर परिषद द्वारा विकसित किया गया है, जहां प्रतिदिन सुबह और शाम बड़ी संख्या में लोग सैर, व्यायाम और स्वास्थ्य लाभ के लिए आते हैं। परिवार भी अपने बच्चों के साथ पार्क पहुंचते हैं, लेकिन बच्चों के मनोरंजन और खेलकूद के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं होने से उन्हें निराश होना पड़ता है।
खेल सामग्री से बढ़ेगी पार्क की उपयोगिता
भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि यदि पार्क में झूले, स्लाइड, सी-सॉ और अन्य आधुनिक खेल उपकरण लगाए जाएं तो यह बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होगा। साथ ही महिलाओं और अन्य नागरिकों के लिए ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध होने से पार्क का उपयोग और अधिक बढ़ेगा तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा।
शीघ्र कार्रवाई की मांग
ज्ञापन के माध्यम से नगर परिषद प्रशासन से जनहित में जल्द आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई। भाजपा नेताओं ने कहा कि शहर के सार्वजनिक पार्कों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित सभी आयु वर्ग के लोग सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में समय बिता सकें तथा स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का लाभ उठा सकें।






