मंदिर चोरी का मामला सुलझा, तीन गिरफ्तार

चांदी के छत्र और नकदी चोरी के आरोप में टिब्बी पुलिस की कार्रवाई, बरामदगी के प्रयास जारी

हनुमानगढ़। जिले की टिब्बी थाना पुलिस ने मंदिर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमरानी निवासी अब्दुल खालिक उर्फ लाला, नूरनबी और अर्जुन के रूप में हुई है। पुलिस ने मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

बालाजी मंदिर में हुई थी वारदात

पुलिस के अनुसार 2 जुलाई को टिब्बी थाने में दर्ज शिकायत में बताया गया कि एक जुलाई की रात चक 4 केएसपी स्थित इच्छापूर्ण बालाजी मंदिर में चोरी हुई। चोर मंदिर से चांदी के छोटे-बड़े छत्र और नकदी लेकर फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर और साक्ष्यों से मिली सफलता

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास से तकनीकी साक्ष्य जुटाए और स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया। इसके बाद संदिग्धों की पहचान कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की वारदात को किस तरीके से अंजाम दिया गया और क्या आरोपी अन्य घटनाओं में भी शामिल रहे हैं।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

पुलिस जांच में गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार एक आरोपी पर पूर्व में चोरी का मामला दर्ज है, जबकि अन्य दो आरोपियों के खिलाफ चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े कई प्रकरण विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इस कार्रवाई में एएसआई देवीलाल, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल संदीप कुमार और पवन कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मामले की जांच अभी जारी है।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---