बी. आदित्य संभालेंगे जिले की कमान, नरेंद्र सिंह मीणा का बीकानेर आरएसी में तबादला; प्रदेश में 18 आईपीएस अधिकारियों के हुए तबादले
राजस्थान सरकार ने मंगलवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 18 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल का असर हनुमानगढ़ पर भी पड़ा है। प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य को हनुमानगढ़ का नया एसपी नियुक्त किया गया है, जबकि वर्तमान पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा का तबादला बीकानेर स्थित 10वीं आरएसी बटालियन के कमांडेंट पद पर किया गया है। जल्द ही बी. आदित्य जिले के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
प्रतापगढ़ से हनुमानगढ़ आए बी. आदित्य
सरकार ने प्रतापगढ़ के एसपी बी. आदित्य को हनुमानगढ़ भेजा है। वहीं 10वीं आरएसी बटालियन, बीकानेर के कमांडेंट विशाल जांगिड़ को प्रतापगढ़ का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। जोधपुर ग्रामीण के एसपी पी.डी. नित्या को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) जोधपुर में एसपी लगाया गया है, जबकि उनकी जगह आरएसी प्रथम बटालियन, जोधपुर के कमांडेंट पंकज यादव जोधपुर ग्रामीण के नए एसपी होंगे।

प्रदेशभर में बड़े स्तर पर फेरबदल
राज्य सरकार के इस तबादला आदेश में डीजी स्तर के अधिकारियों से लेकर आईजी, पुलिस कमिश्नर और एसपी स्तर तक बदलाव किए गए हैं। मालिनी अग्रवाल को डीजी ट्रैफिक की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि अनिल पालीवाल को डीजी एवं कमांडेंट जनरल होमगार्ड बनाया गया है। डॉ. रवि को अजमेर रेंज और डॉ. प्रीति चंद्रा को भरतपुर रेंज का नया आईजी नियुक्त किया गया है। वहीं, अंशुमन भोमिया को जोधपुर पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। इसके अलावा बालोतरा, प्रतापगढ़ और अन्य जिलों में भी नए पुलिस अधीक्षकों की नियुक्ति की गई है। सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





