नेशनल परमिट को लेकर ट्रक ऑपरेटरों का धरना

डीटीओ कार्यालय के बाहर खड़े किए ट्रक, वीएलटी डिवाइस की बाध्यता हटाने और परमिट जारी करने की मांग

हनुमानगढ़ में नेशनल परमिट जारी नहीं होने से नाराज ट्रक ऑपरेटर बुधवार को सड़क पर उतर आए। जिला ट्रक यूनियन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टरों ने जंक्शन स्थित जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) के बाहर ट्रक खड़े कर धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए पुलिस और ट्रक ऑपरेटरों के बीच बहस भी हुई। हालांकि अधिकारियों के हस्तक्षेप और समझाइश के बाद स्थिति शांत हो गई और यातायात व्यवस्था सामान्य बनी रही।

दो महीने से ठप पड़ा कारोबार

धरने पर बैठे ट्रांसपोर्टरों का कहना था कि वीएलटी (व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग) डिवाइस की अनिवार्यता के कारण पिछले करीब दो महीनों से नए नेशनल परमिट जारी नहीं किए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि प्रदेश में पर्याप्त संख्या में वीएलटी डिवाइस उपलब्ध ही नहीं हैं, फिर भी परिवहन विभाग ने परमिट जारी करना रोक रखा है। इससे सैकड़ों ट्रक संचालन से बाहर हैं और ट्रांसपोर्ट कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वाहन खड़े रहने के बावजूद बैंक की किश्तें, बीमा प्रीमियम और अन्य खर्च लगातार उठाने पड़ रहे हैं।

आश्वासन के बाद भी नहीं निकला समाधान

जिला ट्रक यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भारतमाला रोड पर भी विरोध प्रदर्शन किया गया था। उस समय परिवहन विभाग की ओर से अगले दिन से परमिट जारी करने का आश्वासन मिला था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि पहले पंजाब के माध्यम से वीएलटी डिवाइस लगवाकर राजस्थान के ट्रकों के परमिट जारी हो रहे थे, लेकिन वह व्यवस्था भी बंद हो चुकी है। नई एजेंसी तय नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है।

मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन होगा तेज

धरने के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से सड़क अवरुद्ध नहीं करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। बाद में अधिकारियों ने यूनियन प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी मांगें उच्च स्तर तक पहुंचाने का भरोसा दिया। ट्रक यूनियन ने मांग की कि जब तक प्रदेश में पर्याप्त वीएलटी डिवाइस उपलब्ध नहीं हो जाते और ऑनलाइन प्रणाली पूरी तरह सुचारु नहीं होती, तब तक अंतरिम व्यवस्था के तहत बिना वीएलटी डिवाइस के ही नेशनल परमिट जारी किए जाएं। यूनियन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---