एरिया डोमिनेशन अभियान में 123 आरोपी गिरफ्तार, चिट्टा तस्कर, इनामी बदमाश और वारंटी भी पुलिस के शिकंजे में

255 ठिकानों पर पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश, जिलेभर में एक साथ चला विशेष अभियान

हनुमानगढ़ जिले में अपराधियों, नशा तस्करों और फरार आरोपियों के खिलाफ गुरुवार को पुलिस ने व्यापक एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक अरविंद के निर्देशन में 240 पुलिसकर्मियों की 54 विशेष टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ 255 स्थानों पर दबिश दी। पूरे दिन चले अभियान में कुल 123 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था को मजबूत करना था।

चिट्टा, अवैध शराब और कई मामले दर्ज

अभियान के दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत एक प्रकरण दर्ज कर 38 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं आबकारी अधिनियम के तहत आठ मामले दर्ज करते हुए छह आरोपियों को पकड़ा गया। उनके कब्जे से 15 लीटर हथकढ़ शराब और 19 बोतल अवैध देशी शराब बरामद की गई। यह कार्रवाई फेफाना, हनुमानगढ़ जंक्शन, सदर हनुमानगढ़, टिब्बी, रावतसर, पीलीबंगा और गोलूवाला थाना पुलिस ने की। इसके अलावा अन्य अधिनियमों के तहत चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

इनामी बदमाश और वारंटी भी गिरफ्तार

विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने छह जघन्य अपराधों में वांछित आरोपियों, आठ सामान्य मामलों के फरार आरोपियों, एक इनामी बदमाश और एक हिस्ट्रीशीटर को भी गिरफ्तार किया। इसके अलावा 22 स्थायी वारंटी और गिरफ्तारी वारंटियों को भी दबोचा गया। इन आरोपियों की तलाश में अलग-अलग पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर समन्वित कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से फरार चल रहे कई आरोपियों की गिरफ्तारी से अपराध नियंत्रण अभियान को मजबूती मिली है।

असामाजिक तत्वों पर भी कसी लगाम

अभियान के दौरान 74 असामाजिक तत्वों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 170 के तहत निवारक कार्रवाई की गई। कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक अरविंद ने बताया कि जिले में अपराध और नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले, नशे के कारोबार में लिप्त लोगों और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जिले में सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---