ट्रंप ने चीन पर चुनावी डेटा चोरी का आरोप लगाया, सबूत सार्वजनिक करने का ऐलान

22 करोड़ मतदाताओं का डेटा हासिल करने का दावा, खुफिया दस्तावेज जारी करने की कही बात

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वर्ष 2020 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के दौरान करोड़ों मतदाताओं का डेटा अवैध रूप से हासिल करने का आरोप लगाया है। देश के नाम संबोधन में ट्रंप ने दावा किया कि चीन ने चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के उद्देश्य से इतिहास की सबसे बड़ी डेटा सेंधमारी को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि इस कथित मामले से जुड़े खुफिया दस्तावेज जल्द सार्वजनिक किए जाएंगे, जिनमें उनके अनुसार कई महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल हैं।

22 करोड़ मतदाताओं का डेटा लेने का दावा

ट्रंप ने आरोप लगाया कि चीन ने 2020 के चुनाव के दौरान लगभग 22 करोड़ अमेरिकी मतदाताओं की फाइलें गैरकानूनी तरीके से प्राप्त कीं। उनके अनुसार यह कार्रवाई चुनावी प्रक्रिया को कमजोर करने के इरादे से की गई थी। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि तथाकथित “डीप स्टेट” से जुड़े कुछ लोगों ने इस मामले को सार्वजनिक होने से रोकने की कोशिश की। हालांकि उनके इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और उन्होंने संबोधन के दौरान अपने दावों के समर्थन में सार्वजनिक रूप से कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया।

चुनाव प्रणाली पर फिर उठाए सवाल

अपने संबोधन में ट्रंप ने एक बार फिर अमेरिकी चुनाव प्रणाली की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि 2020 का राष्ट्रपति चुनाव उन्होंने जीता था, लेकिन उनसे जीत छीन ली गई। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की चुनाव व्यवस्था अपेक्षित पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर खरी नहीं उतरी। उल्लेखनीय है कि 2020 के चुनाव परिणामों को अमेरिकी चुनाव अधिकारियों, अदालतों और विभिन्न जांचों ने बरकरार रखा था तथा व्यापक चुनावी धांधली के दावों को न्यायिक स्तर पर स्वीकार नहीं किया गया था।

सेव अमेरिका एक्ट’ पारित करने की अपील

ट्रंप ने अमेरिकी संसद से ‘सेव अमेरिका एक्ट’ पारित करने की भी मांग की। उन्होंने इसे चुनावी सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे मतदान प्रणाली अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनेगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि यह कानून भविष्य के चुनावों में निष्पक्षता सुनिश्चित करने में मदद करेगा। ट्रंप के ताजा बयान के बाद अमेरिकी राजनीति में चुनावी सुरक्षा और डेटा संरक्षण को लेकर बहस एक बार फिर तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---