चारे के गट्ठों की आड़ में चंडीगढ़ से गुजरात जा रही थी करोड़ों की शराब
भादरा पुलिस ने ट्रक से 530 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की, दो तस्कर गिरफ्तार; दोनों के खिलाफ पहले भी शराब तस्करी के मामले दर्ज
भादरा, 20 अगस्त। अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भादरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चारे के गट्ठों की आड़ में तस्करी कर ले जाई जा रही चंडीगढ़ निर्मित अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक ट्रक से 530 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब में कुल 25,440 पव्वे बताए गए हैं, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपए है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि शराब को चंडीगढ़ से गुजरात ले जाया जा रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में अवैध एवं अंतरराज्यीय शराब तस्करी की रोकथाम के लिए जिलेभर में कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नोहर गीता चौधरी तथा वृत्ताधिकारी भादरा कुलदीप सिंह के निकटतम सुपरविजन में भादरा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 19 अगस्त की रात भादरा कस्बे में गश्त के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक संदिग्ध ट्रक भादरा की ओर आ रहा है और उसमें अवैध शराब भरी हुई है। सूचना पर पुलिस ने कैनाल कॉलोनी के पास ट्रक नंबर RJ 49 GA 3114 को रोककर तलाशी ली। ट्रक में फोम के गद्दों के नीचे चंडीगढ़ निर्मित विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। तलाशी के दौरान कुल 530 पेटियों में 25,440 पव्वे बरामद हुए। इनमें रॉयल चैलेंज और ऑल सीजन ब्रांड की शराब शामिल थी।
पुलिस ने मौके से दलीप उर्फ दीप पुत्र रणजीत धाणक, उम्र 33 वर्ष, निवासी खेत खुद रोही नेठराना, थाना गोगामेड़ी तथा विक्रम पुत्र कालूराम नायक, उम्र 25 वर्ष, निवासी शिव कॉलोनी नेठराना, थाना गोगामेड़ी को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ भादरा थाने में प्रकरण संख्या 328/2026, धारा 19/54 राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे का अनुसंधान थाना प्रभारी राधेश्याम द्वारा किया जा रहा है।
दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों का शराब तस्करी से जुड़ा पुराना रिकॉर्ड है। दलीप उर्फ दीप के खिलाफ गुजरात राज्य के पुलिस थाना कटवारा में शराब तस्करी का प्रकरण दर्ज है और वह कुछ माह पूर्व ही जमानत पर बाहर आया था। वहीं विक्रम के खिलाफ पाली जिले के पुलिस थाना रोहट में शराब तस्करी का मामला दर्ज है और वह भी कुछ माह पहले जमानत पर बाहर आया था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से रवाना हुई थी और गुजरात में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के संबंध में भी पूछताछ एवं विस्तृत अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका: भादरा पुलिस की टीम में उप निरीक्षक सुमेर सिंह, उप निरीक्षक जगदीश प्रसाद, उप निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद तथा कांस्टेबल राकेश सहित जिला साइबर सेल हनुमानगढ़ शामिल रहे। वहीं गोगामेड़ी थाने के उप निरीक्षक प्रवीण कुमार तथा एजीटीएफ हनुमानगढ़ के कांस्टेबल सुरेन्द्र खीचड़ और अरविन्द सिहाग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसपी बी. आदित्य ने कहा कि जिले में अवैध शराब और अंतरराज्यीय शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी पुलिस अधिकारियों को सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी।






