ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत डबलीराठान में पुलिस का बड़ा दबिश अभियान

60 पुलिसकर्मियों की 10 टीमों ने 30 चिन्हित ठिकानों पर दी दबिश, नशे व अवैध शराब से जुड़े 16 लोग पकड़े

हनुमानगढ़। जिले में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत पुलिस ने मंगलवार को सदर हनुमानगढ़ थाना क्षेत्र के गांव डबलीराठान में एरिया डोमिनेशन एवं दबिश अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में करीब 60 पुलिसकर्मियों की 10 अलग-अलग टीमों ने गांव में करीब 30 चिन्हित स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में 16 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया तथा मादक पदार्थ और अवैध शराब बरामद की।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत दो प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें आरोपियों के कब्जे से 6.20 ग्राम अवैध हेरोइन/चिट्टा तथा 170 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। वहीं आबकारी अधिनियम के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज कर 16 लीटर हथकड़ शराब बरामद की गई। इसके अलावा पुलिस ने 12 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक कार और तीन मोटरसाइकिल सहित कुल चार संदिग्ध वाहन भी जब्त किए।

पुलिस के मुताबिक कार्रवाई संख्या एक में डबली बास मौलवी निवासी रवि, उम्र 22 वर्ष, को 6.20 ग्राम अवैध चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ संबंधित प्रकरण में कार्रवाई जारी है। दूसरी कार्रवाई में डबली बास मौलवी निवासी अर्जुन सिंह को 170 ग्राम अवैध डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया गया।

इसी क्रम में पुलिस टीम ने 24 एसएसडब्ल्यू फतेहगढ़ निवासी जगकरण सिंह को 12 लीटर हथकड़ शराब तथा मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर प्रकरण संख्या 290/26 दर्ज किया। वहीं डबलीराठान निवासी आत्माराम को 4 लीटर हथकड़ शराब के साथ गिरफ्तार कर प्रकरण संख्या 291/26 दर्ज किया गया।

गांव में व्यापक स्तर पर हुई पुलिस कार्रवाई

अभियान के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद के निकटतम सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी मीनाक्षी के नेतृत्व में पुलिस की 10 टीमें गठित की गई थीं। इनमें सदर हनुमानगढ़ थाना, हनुमानगढ़ टाउन थाना, महिला थाना, डबलीराठान चौकी, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट सहित पुलिस लाइन के जवान शामिल रहे। करीब 30 चिन्हित स्थानों पर एक साथ दबिश दिए जाने से गांव में पुलिस की व्यापक मौजूदगी नजर आई।

पुलिस ने अभियान के दौरान ऐसे लोगों पर भी कार्रवाई की, जिनकी गतिविधियां कानून-व्यवस्था के लिहाज से संदिग्ध पाई गईं। कुल 12 गैरसायलान को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया। इनमें डबली बास मौलवी और डबलीराठान के विभिन्न वार्डों में रहने वाले लोग शामिल हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह का उद्देश्य जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के साथ-साथ नशा तस्करी में वांछित अपराधियों की धरपकड़ और अपराध से जुड़ी गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभियान के तहत जिले में अपराध और मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

फोटो: अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग, गांव में पुलिस टीमों की दबिश और चिन्हित स्थानों पर की गई कार्रवाई के दृश्य भी प्रेस नोट के तीसरे पृष्ठ पर जारी किए गए हैं।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---