– बैठक में चुनावी रणनीति पर मंथन, कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जुटने का आह्वान
हनुमानगढ़। आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ की ओर से मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। बैठक में जिलेभर के कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान आगामी निकाय चुनावों की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने, संभावित चुनावी रणनीति और स्थानीय स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी पूसाराम गोदारा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, पीसीसी सदस्य भुपेन्द्र चौधरी, नोहर विधायक अमित चाचाण, संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया एवं पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल ने कार्यकर्ताओं को आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया। नेताओं ने कहा कि निकाय चुनाव स्थानीय स्तर पर जनता से सीधे जुड़े चुनाव हैं और इनमें संगठन की सक्रियता तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रहती है।
वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी संगठनात्मक ताकत और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर नगर निकाय चुनावों में मजबूती से चुनाव लड़ेगी। इसके लिए वार्ड स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आमजन से लगातार संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को चुनावी अभियान का प्रमुख आधार बनाया जाएगा।
बैठक में स्थानीय समस्याओं को लेकर भी चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें तथा उन्हें पार्टी के स्तर पर उठाने का प्रयास करें। साथ ही कांग्रेस की नीतियों, विचारधारा और पूर्व में किए गए जनहित के कार्यों को आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने पत्रकारों से संवाद करते हुए आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर पार्टी की तैयारियों और रणनीति से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। मीडिया प्रभारी जयराम ढुकिया ने कहा कि चुनाव को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां लगातार जारी हैं और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपकर उन्हें सक्रिय किया जाएगा।
बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, विधायक, पूर्व पदाधिकारी, ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।





