जिला कांग्रेस कमेटी ने स्थापित किया 24 घंटे खुला वार रूम, प्रत्याशियों की समस्याओं के समाधान पर रहेगा जोर
हनुमानगढ़। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ ने संगठनात्मक एवं चुनावी गतिविधियों को गति देने की तैयारी शुरू कर दी है। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से चुनाव प्रचार अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने, संगठन में समन्वय स्थापित करने तथा पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में समन्वित रूप से कार्य करने के लिए नगर निकाय चुनाव संचालन एवं कैंपेन कमेटी का गठन किया गया है।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मकासर की ओर से 27 अगस्त 2026 को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार कमेटी में जिला अध्यक्ष मनीष मकासर के साथ सांसद श्रीगंगानगर कुलदीप इंदौरा, सांसद चूरू राहुल कस्वां, पूर्व मंत्री चौ. विनोद कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, विधायक नोहर अमित चाचाण, विधायक संगरिया अभिमन्यु पूनियां, विधायक पीलीबंगा विनोद गोठवाल, विधायक प्रत्याशी भादरा अजीत बेनीवाल, जिला संगठन महासचिव मांगीलाल स्वामी तथा सोशल मीडिया प्रभारी जयराम ढूकिया को शामिल किया गया है।
आदेश में बताया गया है कि जिले के सभी शहर अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष तथा अग्रिम संगठन के जिला अध्यक्ष विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में कमेटी का हिस्सा होंगे। कमेटी का उद्देश्य नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी के संगठनात्मक एवं चुनावी कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से संचालित करना, आपसी समन्वय स्थापित करना और चुनाव प्रचार अभियान को गति देना है।
24 घंटे खुला रहेगा कांग्रेस का वार रूम
नगर निकाय चुनाव के दौरान पार्टी प्रत्याशियों एवं कार्यकर्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा 24 घंटे खुला रहने वाला वार रूम भी स्थापित किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा है कि चुनाव के दौरान प्रत्याशियों एवं कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान और बेहतर समन्वय के लिए वार रूम के माध्यम से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी ने चुनाव को लेकर पार्टी संगठन को सक्रिय करते हुए प्रत्याशियों के साथ बेहतर समन्वय और चुनाव प्रचार को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने पर जोर दिया है।




