सोनू बंसल ने भाजपा की सुनीता देवी को 19 मतों से हराया, कांग्रेस के चंदन मोंगा को मिले 11 वोट
हनुमानगढ़। 60 वार्डों वाली हनुमानगढ़ नगर परिषद में सभापति पद के बाद अब उपसभापति पद पर भी विधायक गणेशराज बंसल समर्थित खेमे ने कब्जा जमा लिया है। मंगलवार को हुए उपसभापति पद के चुनाव में बंसल खेमे की निर्दलीय प्रत्याशी सोनू बंसल ने 34 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सुनीता देवी को 19 मतों के अंतर से हराया। सुनीता देवी को 15 और कांग्रेस प्रत्याशी चंदन मोंगा को 11 मत मिले।
सोनू बंसल निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल की पुत्री हैं। वह बैंक की नौकरी छोड़कर चुनाव मैदान में उतरी थीं और वार्ड 11 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पार्षद निर्वाचित हुई थीं। निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद रिटर्निंग अधिकारी रवि कुमार ने उन्हें निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किया।
जीत के बाद समर्थकों ने मनाया जश्न
सोनू बंसल के विजयी घोषित होते ही बंसल समर्थकों में उत्साह छा गया। समर्थकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जीत की खुशी मनाई। नगर परिषद कार्यालय में पूर्व सभापति सुमित रणवां के नेतृत्व में निर्दलीय खेमे के पार्षदों ने विक्ट्री का निशान बनाकर जीत का जश्न मनाया।
तीनों प्रत्याशियों के बीच हुआ मुकाबला
उपसभापति पद के लिए मंगलवार सुबह नवनिर्वाचित पार्षदों की विशेष बैठक हुई। इसके बाद सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए गए। कांग्रेस की ओर से चंदन मोंगा, भाजपा की ओर से सुनीता देवी तथा बंसल खेमे की ओर से निर्दलीय सोनू बंसल ने नामांकन दाखिल किया।
सुबह 11.30 बजे नामांकन पत्रों की जांच हुई और दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित था। नाम वापसी के बाद तीनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबला रहा। दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान हुआ। सभी 60 पार्षदों के मतदान के बाद करीब 3.45 बजे मतगणना शुरू हुई और लगभग आधे घंटे में परिणाम घोषित कर दिया गया।
सभापति चुनाव की तुलना में बदला गणित
उपसभापति चुनाव में सभापति पद के चुनाव के मुकाबले तीनों प्रत्याशियों के मतों में बदलाव देखने को मिला। सोमवार को हुए सभापति चुनाव में मंजू रणवां को 35, भाजपा की विनीता बतरा को 16 और कांग्रेस की सुशीला खीचड़ को 9 मत मिले थे।
वहीं मंगलवार को उपसभापति चुनाव में सोनू बंसल को 34, भाजपा की सुनीता देवी को 15 और कांग्रेस के चंदन मोंगा को 11 मत मिले। इस तरह बंसल खेमे और भाजपा के एक-एक वोट कम हुए, जबकि कांग्रेस के वोट दो बढ़ गए।
कांग्रेस के खाते में गए दो निर्दलीय वोट
उपसभापति चुनाव में कांग्रेस के चंदन मोंगा को सभापति चुनाव की तुलना में दो अधिक वोट मिले। उपलब्ध जानकारी के अनुसार ये दोनों वोट निर्दलीय पार्षदों के कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे।
मंगलवार को पूरा हुआ निकाय चुनाव का अंतिम चरण
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत उपसभापति एवं उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन के साथ ही नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया का अंतिम चरण भी पूरा हो गया। सोमवार को सभापति पद के चुनाव में बंसल खेमे की निर्दलीय प्रत्याशी मंजू रणवां ने 35 मत हासिल कर जीत दर्ज की थी।
नगर परिषद चुनाव में बंसल खेमे के 32 प्रत्याशी विजयी हुए थे। भाजपा के 15 और कांग्रेस के 9 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी। एक सीट माकपा के खाते में गई थी, जबकि एक वार्ड में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार और दो वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुए थे।
सभापति चुनाव में भाजपा को एक निर्दलीय पार्षद का समर्थन मिला था। वहीं बंसल खेमे की ओर से शुरुआत से ही 35 पार्षदों के समर्थन का दावा किया जा रहा था, जो सभापति चुनाव में सही साबित हुआ। हालांकि उपसभापति चुनाव में बंसल खेमे के समर्थन का आंकड़ा 34 रह गया।


