गोवर्धन पूजा पर गोविंद गोधाम गौशाला में सजेगा अन्नकूट का भव्य दरबार

 

56 भोग लगाकर की जाएगी भगवान गोवर्धन की पूजा, गौमाता का होगा पूजन; श्रद्धालु गौशाला में कर सकेंगे गोवर्धन परिक्रमा
हनुमानगढ़। दीपावली पर्व के अगले दिन गोवर्धन पूजा के अवसर पर हनुमानगढ़ के अबोहर रोड स्थित गोविंद गोधाम गौशाला में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर भगवान गोवर्धन की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी तथा भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा। आयोजन को लेकर गौशाला में तैयारियां की जा रही हैं। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
श्री गौशाला सेवा समिति के अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया ने बताया कि गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित होगा। पूजा-अर्चना के पश्चात भगवान को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। इसके बाद श्रद्धालुओं में अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान गौमाता का विधिवत पूजन कर गोसेवा का संदेश भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गोविंद गोधाम गौशाला में पिछले 6-7 वर्षों से लगातार गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष इस धार्मिक आयोजन में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ प्राप्त करते हैं।
इन्द्र हिसारिया ने बताया कि हिंदू धर्म में गोवर्धन पूजा का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को देवराज इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी अंगुली पर धारण किया था। तभी से गोवर्धन पूजा की परंपरा चली आ रही है। इस दिन गोवर्धन जी की परिक्रमा करने का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालु गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना के साथ परिक्रमा कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।
उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु वृंदावन, गोवर्धन या अन्य धार्मिक स्थलों पर जाकर परिक्रमा नहीं कर पाते, वे गोविंद गोधाम गौशाला में पहुंचकर गोवर्धन पूजा में शामिल होने के साथ परिक्रमा कर सकते हैं। इससे श्रद्धालुओं को अपने शहर में ही धार्मिक आस्था से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
इंद्र हिसारिया ने शहरवासियों, धर्मप्रेमी नागरिकों एवं विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजन के साथ गौमाता की सेवा और संरक्षण का संकल्प लेना भी इस पर्व का महत्वपूर्ण संदेश है।

समाचार में फोटो सांकेतिक है

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---