पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर ‘ए’ श्रेणी नाकाबंदी, एसपी ने खुद संभाला मोर्चा
हनुमानगढ़। जिले में मंगलवार शाम पुलिस ने अपराध नियंत्रण और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए चार घंटे का विशेष अभियान चलाया। पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देशानुसार शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी लागू रही। इस दौरान प्रमुख चौराहों, अंतरराज्यीय और अंतरजिला सीमाओं सहित संवेदनशील मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा। आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई।
एसपी ने किया औचक निरीक्षण
जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने स्वयं शहर के अग्रसेन चौक और राधास्वामी डेरा के समीप बनाए गए नाकाबंदी स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और जवानों की सतर्कता परखी तथा सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट किया कि जांच अभियान में किसी भी स्तर की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी और प्रत्येक संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी।

सभी सीओ-एसएचओ रहे सक्रिय, वाहनों की बारीकी से जांच
विशेष अभियान के दौरान जिले के सभी वृत्ताधिकारी (सीओ) और थाना प्रभारी (एसएचओ) अपने-अपने क्षेत्रों में नाकाबंदी स्थलों पर मौजूद रहे। पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों, काली फिल्म लगी कारों और अन्य संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान भी किए गए। वाहनों की डिग्गी, डैशबोर्ड और अन्य हिस्सों की भी बारीकी से जांच की गई ताकि मादक पदार्थ, अवैध हथियार या बेहिसाबी नकदी की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान का सत्यापन करने के साथ-साथ ‘वाहन ऐप’ के जरिए चेसिस नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर का मौके पर डिजिटल मिलान भी किया।

आगे भी जारी रहेंगे अभियान
एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अपराधियों में भय का वातावरण कायम रखने के लिए इस तरह के औचक अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि जनसहभागिता से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।





