घर में चोरी का मामला सुलझा, दो गिरफ्तार

संगरिया पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंचकर नकदी भी बरामद की

हनुमानगढ़। के संगरिया थाना क्षेत्र में मकान में घुसकर चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वार्ड नंबर 2, संगरिया निवासी मनेन्दर सिंह उर्फ मनीन्द्र सिंह और वार्ड नंबर 1, इंद्रगढ़ निवासी लखविंद्र सिंह उर्फ लखा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई रकम में से 3560 रुपए बरामद किए हैं, जबकि अन्य सामान और शेष नकदी की तलाश जारी है।

शिकायत के बाद शुरू हुई जांच

पुलिस के अनुसार संगरिया निवासी विष्णु कुमार ने 26 जून को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 23 जून की रात दोनों आरोपी मकान की दीवार के सहारे छत पर चढ़कर घर में दाखिल हुए और कमरे में रखे करीब 50 हजार रुपए नकद, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता

मामले की जांच कर रहे एएसआई महेंद्र सिंह ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी और मानवीय सूचनाएं जुटाई गईं। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में बरामद हुई नकदी, जांच जारी

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई रकम में से 3560 रुपए बरामद किए गए। पुलिस अब बाकी नकदी और चोरीशुदा दस्तावेजों की बरामदगी के प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों आरोपियों का क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों से कोई संबंध तो नहीं है। इस कार्रवाई में एएसआई महेंद्र सिंह के साथ हेड कांस्टेबल भागचंद तथा कांस्टेबल देशराज और संदीप ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---