1 जुलाई से 19 किलो एलपीजी पर बड़ी राहत, पेट्रोल-डीजल भी हुए कम कीमत
नई दिल्ली। जुलाई के पहले दिन तेल विपणन कंपनियों ने व्यावसायिक उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 183 रुपए की कटौती की है। इसके बाद दिल्ली में पहले 3,113 रुपए में मिलने वाला सिलेंडर अब 2,930 रुपए का हो गया है। हालांकि घरेलू उपयोग के 14.2 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया।
लगातार बढ़ रहे थे दाम
पिछले छह महीनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और अमेरिका-ईरान तनाव के कारण एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हुई थी। इसका असर कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों पर भी पड़ा। जनवरी में दिल्ली में 19 किलो का सिलेंडर 1,691 रुपए का था, जो जून तक बढ़कर 3,113.50 रुपए पहुंच गया था। अब कीमतों में आई कमी से होटल, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
छोटू सिलेंडर भी हुआ सस्ता
तेल कंपनियों ने पांच किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर के दाम भी 13 रुपए कम किए हैं। दिल्ली में इसकी नई कीमत 808.50 रुपए तय की गई है, जबकि पहले यह सिलेंडर 821.50 रुपए में मिल रहा था। इससे छोटे व्यवसायों और सीमित गैस उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को भी फायदा मिलेगा।
पेट्रोल-डीजल पर भी राहत
इधर, नायरा एनर्जी ने भी अपने ग्राहकों को राहत देते हुए पेट्रोल की कीमत में 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपए प्रति लीटर की कटौती की है। पिछले दो वर्षों में किसी निजी कंपनी की ओर से ईंधन की खुदरा कीमतों में यह पहली बड़ी कमी मानी जा रही है। नई दरें 1 जुलाई से लागू हो गई हैं। हालांकि विभिन्न राज्यों में वैट और अन्य स्थानीय करों के कारण पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में अंतर बना रहेगा।






