युवाओं ने दिया फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
हनुमानगढ़। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला मुख्यालय पर जागरूकता रैली और संगोष्ठी का आयोजन किया गया। माय भारत केंद्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार तथा जिला साइकिलिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में बाबा सोमारनाथ युवा मंडल द्वारा संचालित स्वर्गीय दीपक सामरिया खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला युवा अधिकारी प्रीति थीं, जबकि अध्यक्षता राजस्थान साइकिलिंग एसोसिएशन के प्रांतीय कोषाध्यक्ष एवं जिला साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष मदनलाल सुथार ने की। सशक्त नारी संस्थान की संयोजक शिवानी स्वामी, जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति के सदस्य एवं क्रीड़ा भारती के जिला संयोजक दलीप वर्मा तथा कोच रवनीत कौर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।कार्यक्रम संयोजक एवं कोच सुनील सामरिया ने बताया कि विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में महाराणा प्रताप चौक से साइकिल रैली रवाना हुई, जो लाल चौक, कलेक्ट्रेट, जिला परिषद और करनी चौक सहित विभिन्न मार्गों से होकर निकली। रैली में बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी, खेल प्रेमी और स्वयंसेवक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने “स्वस्थ शरीर-स्वस्थ भारत” और “साइकिल अपनाओ-पर्यावरण बचाओ” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया।संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला युवा अधिकारी प्रीति ने कहा कि साइकिल एक सस्ता, सुलभ और पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधन है। नियमित साइकिल चलाने से स्वास्थ्य बेहतर रहता है और प्रदूषण पर भी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से फिट इंडिया अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।अध्यक्षीय संबोधन में मदनलाल सुथार ने कहा कि साइकिलिंग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाती है। शिवानी स्वामी ने महिलाओं और युवतियों को भी साइकिलिंग जैसी गतिविधियों से जुड़ने की प्रेरणा दी। वहीं दलीप वर्मा ने कहा कि विश्व साइकिल दिवस ऊर्जा संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देता है।कार्यक्रम के अंत में रैली में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में जिला साइकिलिंग संघ के संयुक्त सचिव योगेंद्र सिंह, विजय मोयल सहित युवा मंडल के सदस्यों और स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। अंत में अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

