आयुर्वेद विश्वविद्यालय जोधपुर में प्राकृतिक चिकित्सा के विस्तार पर मंथन

आयुर्वेद विश्वविद्यालय जोधपुर में प्राकृतिक चिकित्सा के विस्तार पर मंथन
​विश्वविद्यालय में जल्द शुरू होगा योग-प्राकृतिक चिकित्सा में MD पाठ्यक्रम, डिप्लोमा कोर्स के लिए गठित होगी विशेषज्ञ समिति
​हनुमानगढ़ । डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर में प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग पद्धतियों के विस्तार और शैक्षणिक सुदृढ़ीकरण को लेकर एक महत्वपूर्ण शिष्टाचार भेंट आयोजित हुई। अखिल भारतीय प्राकृतिक चिकित्सा परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. शिवकुमार शर्मा ने विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. गोविंद सहाय शुक्ला के कार्यालय पहुंचकर उन्हें गुलदस्ता भेंट कर स्वागत व अभिनंदन किया।
​मुलाकात के दौरान दोनों विशेषज्ञों के बीच देश एवं प्रदेश में प्राकृतिक चिकित्सा के वर्तमान परिदृश्य और भविष्य की संभावनाओं पर गंभीर विचार- विमर्श हुआ। डॉ. शिवकुमार शर्मा ने कुलगुरु को अवगत कराया कि केंद्र सरकार प्राकृतिक चिकित्सा और योग को मुख्यधारा में लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। भारत सरकार द्वारा रक्षा मंत्रालय सहित विभिन्न प्रमुख विभागों में आयुष पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत कार्ययोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिससे आमजन और जवानों को प्राकृतिक स्वास्थ्य लाभ मिल सके।
​वार्ता के दौरान कुलगुरु डॉ. गोविंद सहाय शुक्ला ने एक बड़ी शैक्षणिक पहल की जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन शीघ्र ही योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा में स्नातकोत्तर (MD) पाठ्यक्रम प्रारंभ करने जा रहा है। इस पाठ्यक्रम के शुरू होने से राज्य में प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में उच्चस्तरीय शैक्षणिक दक्षता विकसित होगी और शोध कार्यों को नई गति मिलेगी।
​इस अवसर पर डॉ. शर्मा ने राजकीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सालयों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और जनउपयोगी बनाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सुझाव दिया कि अस्पतालों में कुशल अधीनस्थ सहायक स्टाफ की भारी आवश्यकता है, जिसे पूरा करने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा में डिप्लोमा कोर्स शुरू किया जाना चाहिए। ​कुलगुरु डॉ. शुक्ला ने इस सुझाव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सहमति व्यक्त की और कहा कि विश्वविद्यालय शीघ्र ही इसके लिए एक विशेषज्ञ समिति का गठन करेगा, जिससे इस योजना को धरातल पर उतारा जा सके। बैठक में प्राकृतिक चिकित्सा के प्रचार-प्रसार से जुड़े अन्य विषयों पर भी विस्तृत चर्चा संपन्न हुई।
7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---