मॉकड्रिलः विस्फोट की सूचना पर दौड़ी टीमें, 14 घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया

कृषि उपज मंडी कार्यालय में आपदा प्रबंधन मॉकड्रिल,

जिला कलेक्टर व एसपी ने मौके पर पहुंचकर परखी तैयारियां; विभागीय समन्वय, प्रशिक्षित कार्मिकों और प्रभावी रेस्क्यू व्यवस्था पर दिया जोर

हनुमानगढ़, 27 नवंबर। जिला प्रशासन एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को हनुमानगढ़ टाउन स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में आपदा प्रबंधन को लेकर सिविल डिफेंस मॉकड्रिल आयोजित की गई। शाम 4 बजे शुरू हुए अभ्यास के जरिए आपात परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तत्परता, आपसी समन्वय, कार्यक्षमता और प्रतिक्रिया समय का आकलन किया गया।

मॉकड्रिल के दौरान कृषि उपज मंडी समिति कार्यालय में विस्फोटक सामग्री होने की सूचना मिलने पर आपातकालीन सायरन बजाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, चिकित्सा विभाग, होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं एसडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। संयुक्त कार्रवाई के दौरान आग पर नियंत्रण किया गया तथा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 14 घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास घेराबंदी कर आमजन को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी संभाली। रोडवेज की ओर से यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की गईं। मॉकड्रिल में एनसीसी, स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवकों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

जिला कलेक्टर और एसपी ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण

जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य सायरन बजने के 15 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मॉकड्रिल के दौरान अपनाई गई व्यवस्थाओं, रेस्क्यू प्रक्रिया और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया।

जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि आपात परिस्थितियां कभी भी उत्पन्न हो सकती हैं, ऐसे में आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्मिकों का प्रशिक्षित होना आवश्यक है। रेस्क्यू जैसे संवेदनशील कार्यों में बिना प्रशिक्षण प्राप्त व्यक्तियों को नहीं लगाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल और स्पष्ट जिम्मेदारियों पर जोर दिया।

उन्होंने चिकित्सा व्यवस्था को घायलों की स्थिति के अनुसार अलग-अलग श्रेणियों में व्यवस्थित करने की आवश्यकता बताई, ताकि गंभीर घायलों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही घटनास्थल पर हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए। पुलिस व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि एक टीम घटनास्थल के आसपास सुरक्षा एवं रेस्क्यू कार्यों में सहयोग करे, जबकि दूसरी टीम बाहरी क्षेत्र में आमजन की आवाजाही नियंत्रित करने और कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व संभाले।

जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को आपदा प्रबंधन तैयारियों की नियमित समीक्षा करने तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से भी आपात परिस्थितियों में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और सहयोग करने की अपील की।

एसपी ने जिम्मेदारियों के स्पष्ट निर्धारण पर दिया जोर

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने कहा कि आपात स्थिति में सभी विभागों के बीच प्रभावी समन्वय जरूरी है। प्रत्येक अधिकारी एवं कार्मिक को अपनी जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से पता होनी चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके। उन्होंने विभागीय तालमेल और व्यवस्थित कार्यप्रणाली को आपदा प्रबंधन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

शाम 7:15 बजे होगा ब्लैकआउट अभ्यास

मॉकड्रिल के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार शाम 7:15 बजे ब्लैकआउट अभ्यास भी आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से आपात स्थिति में नागरिकों की जागरूकता, सुरक्षा संबंधी व्यवहार और प्रशासनिक तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेदी लाल मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---