हनुमानगढ़ में पंचायत चुनाव: 3 और 14  नवंबर को मतदान, सरपंच-पंच के चुनाव 5 और 16 नवंबर को

हनुमानगढ़ में पंचायत चुनाव: 3 और 14  नवंबर को मतदान, सरपंच-पंच के चुनाव 5 और 16 नवंबर को

जिला परिषद के 37, पंचायत समितियों के 208 सदस्य और 325 ग्राम पंचायतों में होंगे चुनाव; प्रत्याशियों के लिए खर्च सीमा निर्धारित
हनुमानगढ़। जिले में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 दो चरणों में होंगे। जिले की एक जिला परिषद, 10 पंचायत समितियों और 325 ग्राम पंचायतों में चुनाव कराए जाएंगे। जिला परिषद के 37 सदस्यों, पंचायत समितियों के 208 सदस्यों तथा ग्राम पंचायतों में 3,385 वार्ड पंचों का निर्वाचन होगा।
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव
तृतीय चरण में हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा, नोहर, पल्लू, भादरा और राजपुरा (8 बीएचडी) पंचायत समितियों में 3 नवंबर को मतदान होगा। चतुर्थ चरण में संगरिया, टिब्बी, रावतसर और हनुमानगढ़ टाउन में 14 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।
तृतीय चरण के लिए नामांकन 19 से 23 अक्टूबर तक तथा चतुर्थ चरण के लिए 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक होंगे। दोनों चरणों की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी।
सरपंच एवं वार्ड पंच के चुनाव
छह पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच के लिए 5 नवंबर को मतदान होगा। इनके लिए नामांकन 4 नवंबर को सुबह 8 से 11 बजे तक होंगे। वहीं, शेष चार पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में 16 नवंबर को मतदान होगा, जिसके लिए नामांकन 15 नवंबर को होंगे।
मतदान समाप्त होने के बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी। तृतीय चरण में उपसरपंच का चुनाव 6 नवंबर और चतुर्थ चरण में 17 नवंबर को होगा।
जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव
जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर और उप जिला प्रमुख का चुनाव 26 नवंबर को होगा। पंचायत समितियों के प्रधान पद के लिए 27 नवंबर तथा उप प्रधान पद के लिए 28 नवंबर को चुनाव कराया जाएगा।
प्रत्याशियों की खर्च सीमा तय
चुनाव में जिला परिषद सदस्य के लिए अधिकतम 3 लाख रुपये, पंचायत समिति सदस्य के लिए 1.50 लाख रुपये और सरपंच पद के लिए 1 लाख रुपये की खर्च सीमा निर्धारित की गई है। लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए सक्षम अधिकारी की लिखित अनुमति जरूरी होगी। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।
7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---