टाउन के सर्राफा व्यापारी की शिकायत पर टिब्बी के ज्वेलर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज
हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने 550 ग्राम सोना हड़पने के आरोप में टिब्बी के एक ज्वेलर के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है। नई आबादी, टाउन निवासी सर्राफा कारोबारी रामस्वरूप सोनी ने रिपोर्ट में बताया कि वह सोनी मार्केट स्थित अपनी पंकज ज्वैलर्स दुकान पर वर्षों से सोने-चांदी का कारोबार कर रहे हैं। आभूषण तैयार कराने के लिए उन्होंने टिब्बी निवासी ज्वेलर सुनील कुमार सुथार को अलग-अलग समय पर कुल 550 ग्राम सोना सौंपा था।
शादी के लिए बनवाने थे नए डिजाइन के गहने
शिकायत के अनुसार रिश्तेदारी में शादी के चलते पुराने गहनों को नए डिजाइन में तैयार कराने के उद्देश्य से 2 सितंबर 2025 को आरोपी को 235 ग्राम सोना दिया गया था। इससे पहले भी उसके पास 315 ग्राम सोना आभूषण निर्माण के लिए जमा था। परिवादी का कहना है कि आरोपी ने सोना प्राप्त करने की लिखित रसीद भी दी थी और तय समय में तैयार गहने लौटाने का भरोसा दिलाया था, लेकिन बाद में वह लगातार बहाने बनाता रहा।
समाज की पंचायतों में भी नहीं निकला समाधान
रामस्वरूप ने आरोप लगाया कि जब काफी समय तक न तो आभूषण मिले और न ही सोना वापस किया गया तो उन्होंने आरोपी और उसके परिजनों से कई बार संपर्क किया। इसके बाद समाज स्तर पर 8 मार्च, 31 मार्च और 26 अप्रैल 2026 को पंचायतें भी हुईं, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका। शिकायत में दावा किया गया है कि पंचायत के दौरान आरोपी ने सोना लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत के आधार पर टाउन थाना पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार सुथार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक कैलाशचंद को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।





