कलक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पीड़िता को शीघ्र न्याय की मांग
हनुमानगढ़ में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने श्रीगंगानगर में नाबालिग बालिका से जुड़े मामले को लेकर जिला कलक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई और पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने की मांग उठाई।
दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि श्रीगंगानगर की घटना अत्यंत गंभीर है और इससे पूरे प्रदेश में चिंता का माहौल बना है। उन्होंने मांग की कि मामले में दोषी पाए जाने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाना जरूरी है।
कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि अवैध गतिविधियों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाए तो इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को संवेदनशील और सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग
ज्ञापन में कांग्रेस ने पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही यह भी कहा गया कि जांच के दौरान किसी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाए। पार्टी ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर आगे भी जनहित में आवाज उठाई जाती रहेगी। प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव रविन्द्र बेनीवाल, पूर्व पार्षद गुरदीप चहल सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






