हनुमानगढ़ डीएसटी के सहयोग से बाड़मेर चोरी का खुलासा

अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, चोरी का माल खरीदने वाला आरोपी भी पुलिस गिरफ्त में

हनुमानगढ़ डीएसटी की अहम भूमिका

बाड़मेर जिले में लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी के चर्चित मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में हनुमानगढ़ जिला विशेष टीम (डीएसटी) की भूमिका सबसे अहम रही। डीएसटी ने लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी सुभाष को पकड़कर बाड़मेर कोतवाली थाना पुलिस के हवाले किया। गिरफ्तार आरोपियों में श्रीगंगानगर जिले के घड़साना निवासी सुभाष, पंजाब के फाजिल्का जिले के अमरपुरा निवासी सजन कुमार तथा हनुमानगढ़ के सुरेशिया निवासी रवि सोनी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार रवि सोनी चोरी का माल खरीदने का काम करता था।

परिवार घूमने गया, पीछे से घर साफ

मामले के अनुसार बाड़मेर निवासी किशोर कुमार ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 13 जून को परिवार के साथ मनाली घूमने गया था। 19 जून की रात बदमाशों ने उसके बंद मकान के ताले तोड़कर सोने का मंगलसूत्र, चेन, अंगूठियां, झुमके, चांदी की पायल और करीब 70 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। वारदात के बाद घर का सामान भी अस्त-व्यस्त कर दिया गया। पूरी घटना मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।

तकनीकी जांच से गिरोह तक पहुंची पुलिस

सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह की पहचान की। डीएसटी हनुमानगढ़ ने मुख्य आरोपी सुभाष को पकड़ लिया, जबकि बाड़मेर पुलिस ने सजन कुमार और रवि सोनी को श्रीगंगानगर क्षेत्र से हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि गिरोह बंद मकानों की पहले रेकी करता था और फिर रात के समय चोरी कर जेवरात व कीमती सामान अपने नेटवर्क के जरिए तुरंत बेच देता था।

कई राज्यों में दर्ज हैं आपराधिक मामले

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी सुभाष के खिलाफ राजस्थान के विभिन्न जिलों में चोरी और नकबजनी के 15 से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं सजन कुमार पर भी चोरी और नकबजनी के करीब 20 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश, चोरी गए माल की बरामदगी और इस गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों की जांच में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में कई और मामलों का खुलासा हो सकता है।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---