हिस्ट्रीशीटर सिकंदर खान के मकान पर 68-एफ के तहत कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ पहले से छह आपराधिक प्रकरण
टिब्बी, 27 अगस्त। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत टिब्बी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी से अर्जित संपत्ति को फ्रीज किया है। पुलिस ने टिब्बी थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर सिकंदर खान उर्फ भूपखान के करीब 1 करोड़ रुपए मूल्य के आवासीय मकान को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत फ्रीज किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद के निकटतम सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी संगरिया शंकरलाल छाबा के नेतृत्व में टिब्बी थाना प्रभारी राकेश सांखला मय पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार फ्रीज की गई संपत्ति टिब्बी थाना क्षेत्र के गांव गुडिया में स्थित करीब 248.97 वर्गगज क्षेत्रफल के आवासीय मकान के रूप में है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपए है।
पुलिस के अनुसार सिकंदर खान के खिलाफ विभिन्न थानों में छह आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें पांच मामले एनडीपीएस एक्ट से जुड़े हैं। उसे पुलिस ने पूर्व में भी नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया था।
मामले की पृष्ठभूमि में पुलिस ने बताया कि 7 दिसंबर 2024 को तत्कालीन टिब्बी थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह मय टीम ने गश्त के दौरान गांव गुडिया से कार सवार सिकंदर खान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 251 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) बरामद की थी। इस कार्रवाई में इस्तेमाल कार भी जब्त की गई थी। आरोपी के खिलाफ प्रकरण संख्या 503/2024 में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
अनुसंधान के दौरान पुलिस की वित्तीय जांच में सामने आया कि सिकंदर खान के पास आय का कोई वैध स्रोत नहीं पाया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले कई वर्षों से नशा तस्करी में लिप्त था तथा नशे के कारोबार से अर्जित धन से उसने उक्त आवासीय मकान तैयार कराया। इसी आधार पर संपत्ति को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत फ्रीज करने की कार्रवाई की गई।
छह मामलों में वांछित रहा है आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सिकंदर खान के खिलाफ टिब्बी, संगरिया और सदर डबवाली थानों में एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में कुल छह मामले दर्ज हैं। इनमें टिब्बी थाने के वर्ष 2021, 2022 और 2024 के एनडीपीएस मामले, संगरिया थाने के दो मामले तथा सदर डबवाली थाने का एनडीपीएस प्रकरण शामिल है।
पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत अब कार्रवाई का दायरा केवल नशे की बरामदगी और तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें फ्रीज एवं जब्त करने की कार्रवाई भी लगातार की जा रही है। पुलिस ने संकेत दिया है कि नशा तस्करों की अन्य संदिग्ध संपत्तियों की भी जांच की जा रही है और वैध आय के स्रोत नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





