1
पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और 80 हजार रुपये नकद भी बरामद, पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए चिट्टा आने की आशंका
हनुमानगढ़। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 546 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), एक विदेशी चाइना मेड पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस तथा 80 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है।
पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने तथा नशा तस्करी में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद तथा सिटी हनुमानगढ़ की पुलिस अधिकारी मीनाक्षी के निकटतम सुपरविजन में हनुमानगढ़ जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार में सवार आरोपी को पकड़ा
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार गश्त के दौरान एचआर 26 एफएल 4749 नंबर की कार में सवार आरोपी रांझू खान उर्फ रांझा पुत्र कादर खान, उम्र करीब 30 वर्ष, निवासी उदयपुर गोदारान, थाना राजियासर, जिला श्रीगंगानगर को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 546 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), एक विदेशी चाइना मेड पिस्टल .30 बोर, तीन जिंदा कारतूस और 80 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
इस संबंध में हनुमानगढ़ जंक्शन थाने में प्रकरण संख्या 636/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25(1-बी)(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की अग्रिम जांच पीलीबंगा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक रायसिंह द्वारा की जा रही है।
पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए चिट्टा आने की आशंका
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद मादक पदार्थ की सप्लाई सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से पंजाब पहुंचने और वहां से राजस्थान के विभिन्न इलाकों में किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है। पुलिस इस नेटवर्क के संबंध में आगे जांच कर रही है।
आरोपी के खिलाफ पहले से सात मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी रांझू खान के खिलाफ श्रीगंगानगर जिले के विभिन्न थानों में पहले से सात प्रकरण दर्ज हैं। इनमें दो मामले एनडीपीएस एक्ट से संबंधित बताए गए हैं। पुलिस प्रेस नोट में वर्ष 2014 से 2026 तक दर्ज मामलों का उल्लेख किया गया है, जिनमें एनडीपीएस एक्ट के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता, एससी/एसटी एक्ट तथा भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के प्रकरण शामिल हैं।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में हनुमानगढ़ जंक्शन थाना के उप निरीक्षक गजेंद्र शर्मा, सहायक उप निरीक्षक कालूराम, हेड कांस्टेबल योगेंद्र, कांस्टेबल जीतराम एवं पालाराम शामिल रहे। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल जीतराम की इस कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।



