मुंसरी टोल प्लाजा पर लेन में जाने को लेकर हुआ था विवाद; चाकू से हमला कर टोलकर्मी की हत्या, 500 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले
हनुमानगढ़। गोगामेड़ी थाना पुलिस ने मुंसरी टोल प्लाजा पर टोलकर्मी की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार तथा दो नाबालिगों को निरुद्ध किया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए व्यापक स्तर पर तकनीकी एवं मानवीय सूचनाएं जुटाईं। कार्रवाई के दौरान 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और 100 से अधिक होटलों के रिकॉर्ड की जांच की गई।
पुलिस के अनुसार घटना 23 सितंबर 2026 की रात मुंसरी टोल प्लाजा पर हुई। गोगामेड़ी टोल प्लाजा के मैनेजर राधेश्याम पुत्र माधोलाल मीणा की ओर से दी गई रिपोर्ट के अनुसार तीन मोटरसाइकिल सवार युवक गोगामेड़ी की तरफ से आए और गलत लेन में प्रवेश करने का प्रयास करने लगे। टोल कर्मचारियों ने उन्हें रोका तो विवाद हो गया। इसी दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर टोलकर्मी कारूलाल नागर पर हमला कर दिया। चाकू का वार पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। एक अन्य टोलकर्मी धर्मवीर की पीठ पर भी चाकू से वार किया गया।
हमले के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल कारूलाल नागर को तत्काल एंबुलेंस से गोगामेड़ी ले जाया गया, जहां से उन्हें भादरा रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस थाना गोगामेड़ी में प्रकरण संख्या 189/23-09-2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 103(1), 109(1) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मेले से लौटकर टोल प्लाजा पहुंचे थे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों युवक मोटरसाइकिल संख्या एचआर 20 बीडी 7471 पर सवार होकर गोगामेड़ी मेले में पहुंचे थे। वहां से रवाना होकर वे रात करीब 3 बजे मुंसरी टोल पहुंचे। टोल कर्मचारियों से विवाद के बाद उन्होंने चाकू से हमला कर दिया और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
100 किमी क्षेत्र में दबिश, 300 से अधिक लोगों से पूछताछ
घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। टीमों ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, 100 से अधिक होटलों के रिकॉर्ड खंगाले तथा करीब 300 लोगों से पूछताछ की। इसके अलावा करीब 100 किलोमीटर क्षेत्र में आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।
पुलिस के अनुसार मानव एवं तकनीकी आसूचना के साथ बेहतर फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर वारदात में शामिल तीनों आरोपियों की पहचान की गई। इनमें एक बालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया। मामले में अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अंकित पुत्र नरेश धानक, उम्र 19 वर्ष, निवासी नवदीप कॉलोनी, आनंद नगर, हिसार (हरियाणा) है। दो अन्य आरोपी नाबालिग हैं।
कार्रवाई में गोगामेड़ी थाना प्रभारी जयप्रकाश झाझड़िया सहित पुलिस की तीन टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मामले की जांच एवं आरोपियों से पूछताछ जारी है।




