प्रधान और उपप्रधान दोनों पदों पर कांग्रेस का कब्जा, कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
हनुमानगढ़ टाउन। पंचायत समिति हनुमानगढ़ टाउन के उपप्रधान पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी ऐश मोहम्मद ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सुभाष चंद्र को 11-6 मतों से पराजित कर उपप्रधान पद पर कब्जा जमाया। आज हुए चुनाव में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भाग नहीं लिया। इस जीत के साथ ही पंचायत समिति हनुमानगढ़ टाउन में प्रधान और उपप्रधान दोनों पदों पर कांग्रेस ने अपना परचम लहराया है। ऐश मोहम्मद की जीत की घोषणा होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पंचायत समिति कार्यालय के सामने एकत्रित हुए और मिठाई बांटकर तथा एक-दूसरे को बधाई देकर जीत का जश्न मनाया। नवनिर्वाचित उपप्रधान ऐश मोहम्मद की उम्र 37 वर्ष है और उनका व्यवसाय खेती है। वे लखूवाली के निवासी हैं। उनका परिवार तीन पीढ़ियों से कांग्रेस पार्टी से जुड़ा हुआ है। ऐश मोहम्मद पूर्व में अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष एवं यूथ कांग्रेस के जिला महासचिव के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
जीत के बाद ऐश मोहम्मद ने कहा कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे तथा पंचायत समिति क्षेत्र के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने मुस्लिम समाज को पंचायती राज व्यवस्था में नेतृत्व का अवसर प्रदान करने के लिए चौधरी विनोद कुमार का विशेष आभार व्यक्त किया। पंचायत समिति में कांग्रेस के प्रधान एवं उपप्रधान निर्वाचित होने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की एकजुटता और नेतृत्व की मेहनत की जीत बताया।





