दौसा में हादसे के बाद बस में लगी आग, 25 घायल, कई बच्चे अस्पताल में भर्ती
टक्कर के बाद आग ने ली आठ जिंदगियां
राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोलवा थाना क्षेत्र में रात करीब 2:30 बजे ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक निजी बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रेलर दोनों में आग भड़क उठी। हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
अधिकांश यात्री सो रहे थे
बताया गया कि हादसे के समय बस में 39 यात्री सवार थे। देर रात होने के कारण अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। टक्कर के बाद तेज धमाके के साथ आग फैल गई, जिससे बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्रियों ने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई, लेकिन कुछ लोग आग की चपेट में आ गए। प्रशासन के अनुसार मृतकों में छह लोगों की मौत झुलसने से हुई, जबकि दो ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। घायलों में कई बच्चे भी शामिल हैं।
चालक को झपकी आने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बस चालक को झपकी आने के कारण बस ट्रेलर से टकरा गई। हालांकि हादसे के बाद आग लगने की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा और पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।
एक घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में करीब एक घंटे तक आग लगी रही। पुलिस, दमकल कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण सभी को समय रहते सुरक्षित नहीं निकाला जा सका। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर दोनों ओर यातायात रोक दिया गया। आग बुझाने और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद करीब एक घंटे में यातायात दोबारा शुरू कराया गया।






