छह माह की निगरानी के बाद डबवाली में कार्रवाई, संगरिया का दलाल गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच तेज
हनुमानगढ़। भ्रूण लिंग जांच के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पीसीपीएनडीटी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संगरिया निवासी एक व्यक्ति को हरियाणा के डबवाली से गिरफ्तार किया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार आरोपी गर्भवती महिलाओं को अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच कराने के लिए हरियाणा ले जाता था। कार्रवाई गुप्त सूचना और डिकॉय ऑपरेशन के आधार पर की गई। विभाग का दावा है कि आरोपी पिछले करीब छह माह से निगरानी में था और उसके नेटवर्क की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
गर्भवती महिलाओं को हरियाणा ले जाता था
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी राकेश कुमार जाट गर्भवती महिलाओं से संपर्क कर उन्हें डबवाली बुलाता था और वहां भ्रूण लिंग जांच की व्यवस्था करता था। डिकॉय ऑपरेशन के दौरान भी उसने एक गर्भवती महिला को जांच के लिए बुलाया। पूरी कार्रवाई पर नजर रख रही टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं और अब उसके संपर्कों की पड़ताल की जा रही है।
40 हजार रुपये में हुआ था सौदा
जांच में सामने आया कि भ्रूण लिंग जांच के लिए 40 हजार रुपये तय किए गए थे। डिकॉय ऑपरेशन के तहत आरोपी को 36,500 रुपये दिए गए, जबकि शेष राशि जांच पूरी होने के बाद देने की बात तय हुई थी। स्वास्थ्य विभाग का आरोप है कि यदि जांच में भ्रूण लड़की होने की जानकारी मिलती तो इसी नेटवर्क के माध्यम से अवैध गर्भपात कराने का भी प्रलोभन दिया जाता था। हालांकि इस मामले में आगे की जांच जारी है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
अधिकारियों के अनुसार पिछले कुछ समय से हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और बीकानेर जिलों की गर्भवती महिलाओं को हरियाणा ले जाकर अवैध भ्रूण लिंग जांच कराने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर निगरानी बढ़ाकर योजनाबद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग आरोपी के मोबाइल फोन, दस्तावेजों तथा संपर्कों की जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रूण लिंग जांच और कन्या भ्रूण हत्या जैसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा आमजन से ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की गई है।





