निकाय चुनाव में आप उतारेगी हर वार्ड में प्रत्याशी, भाजपा-कांग्रेस के बागियों पर भी नजर

प्रदेश सह प्रभारी विकास बग्गा का दावा—कई नेता पार्टी के संपर्क में; हनुमानगढ़ नगर परिषद के सभी 60 वार्डों में चुनाव लड़ने की तैयारी

हनुमानगढ़। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने हनुमानगढ़ में अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जंक्शन स्थित पीआर अकेडमी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी विकास बग्गा ने दावा किया कि भाजपा और कांग्रेस के कई नेता पार्टी के संपर्क में हैं और टिकट नहीं मिलने की स्थिति में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी वार्ड में आप का कार्यकर्ता चुनाव लड़ने का इच्छुक नहीं है और भाजपा या कांग्रेस का कोई बागी पार्टी के तय मापदंडों पर खरा उतरता है तो उसे भी आप की ओर से टिकट दिया जा सकता है।

विकास बग्गा ने कहा कि आम आदमी पार्टी हनुमानगढ़ नगर परिषद चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी और सभी 60 वार्डों में प्रत्याशी खड़े करने की तैयारी चल रही है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान की जनता आम आदमी पार्टी को अब तीसरे विकल्प के रूप में देखने लगी है। उनका कहना था कि पार्टी जिन राज्यों में सत्ता में रही है, वहां किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में काम किया गया और इसी संदेश के साथ कार्यकर्ता राजस्थान में भी जनता के बीच पहुंच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पहले की तुलना में राजस्थान में मजबूत हुई है और अब संगठन को गांव-गांव तथा वार्ड-वार्ड तक विस्तार दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस बार प्रदेश की राजनीति में बदलाव देखने को मिलेगा और आप अपनी राजनीतिक उपस्थिति मजबूती से दर्ज कराएगी।

नगर परिषद में स्थिति को लेकर कांग्रेस-भाजपा पर निशाना

आप जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल ने कहा कि हनुमानगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस के सामने चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशियों की कमी की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पूर्व में नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बना था, लेकिन बाद में बोर्ड से जुड़े लोगों के भाजपा में शामिल होने के बाद राजनीतिक परिस्थितियां बदल गईं और अब पूरा घटनाक्रम निर्दलीय गुट के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों के बीच जनता के सामने भी राजनीतिक विकल्प को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

पहली सूची में छह प्रत्याशी घोषित

बीकानेर संभाग के संगठन प्रभारी, प्रदेश सचिव एवं जिला चुनाव प्रभारी राजवीर माली ने बताया कि पार्टी की ओर से जिले में छह प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी को लगातार टिकट के लिए आवेदन मिल रहे हैं और सभी आवेदनों की स्क्रीनिंग की जा रही है। प्रदेश स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद दूसरी और तीसरी सूची भी जल्द जारी की जाएगी।

नगर निकाय चुनाव को लेकर पार्टी ने वार्ड स्तर पर संपर्क और संगठन को मजबूत करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी है। प्रत्याशियों के चयन के साथ ही आप की ओर से स्थानीय मुद्दों को लेकर चुनावी रणनीति तैयार किए जाने की तैयारी है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में रविन्द्र चाहर, सचिन कौशिक सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---