कर्मचारी जागृति यात्रा हनुमानगढ़ पहुंची

कर्मचारी संगठनों ने दिखाई एकजुटता, लंबित मांगों पर सरकार को आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी

हनुमानगढ़। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) की प्रदेशव्यापी कर्मचारी जागृति यात्रा बुधवार को हनुमानगढ़ पहुंची। यात्रा के सत्रहवें दिन जंक्शन स्थित जांगिड़ धर्मशाला में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर अपनी लंबित मांगों के समर्थन में एकजुटता दिखाई। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार से लंबित घोषणाओं को शीघ्र लागू करने की मांग उठाई।

बैठक को संबोधित करते हुए महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि राज्य बजट में कर्मचारियों के हित में की गई कई घोषणाएं आज भी धरातल पर लागू नहीं हो सकी हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में कर्मचारियों की अहम भूमिका रहती है, लेकिन कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है।

राठौड़ ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को मिली सुविधाओं में कटौती के प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ओल्ड पेंशन स्कीम के संबंध में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ कर्मचारियों को स्वीकार नहीं होगी। साथ ही राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) में संभावित बदलावों और निजीकरण की आशंकाओं को लेकर भी कर्मचारियों में नाराजगी है। उन्होंने बताया कि अप्रैल माह के उपार्जित अवकाश का भुगतान अब तक नहीं किया गया है, जबकि ठेका कर्मचारियों से जुड़ी कई घोषणाएं भी लंबित हैं।

महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जागृति यात्रा का उद्देश्य प्रदेशभर के कर्मचारियों की वर्षों पुरानी और न्यायोचित मांगों को सरकार तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि अब उनकी मांगों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रदेशाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया और द्विपक्षीय वार्ता के बाद भी ठोस आदेश जारी नहीं किए गए तो कर्मचारी आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे। आवश्यकता पड़ने पर प्रदेशभर के कर्मचारी सड़कों पर उतरकर संघर्ष करने को मजबूर होंगे।

बैठक को महासंघ के महामंत्री मोहनलाल शर्मा, शेर सिंह यादव, डॉ. रणजीत मीणा, अजयवीर सिंह, प्रकाश यादव, शशि शर्मा और जिलाध्यक्ष अशोक भोबिया सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---