मनरेगा कार्य शुरू नहीं होने पर पंचायत समिति का किया घेराव

वादा पूरा नहीं होने पर मजदूरों का प्रदर्शन, सभी ग्राम पंचायतों में तुरंत काम शुरू करने की मांग

हनुमानगढ़। मनरेगा कार्य शुरू नहीं होने से नाराज मजदूरों ने बुधवार को पंचायत समिति कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। राजस्थान खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में श्रमिक, विशेषकर महिलाएं, टाउन स्थित पंचायत समिति पहुंचे और कार्यालय का घेराव कर धरने पर बैठ गए। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मनरेगा कार्य तत्काल शुरू करने की मांग उठाई गई।

एक जुलाई का वादा अधूरा

धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जिला परिषद प्रशासन ने 25 जून को हुई वार्ता में भरोसा दिलाया था कि 1 जुलाई से सभी ग्राम पंचायतों में मनरेगा कार्य शुरू करा दिए जाएंगे। लेकिन तय तिथि बीतने के बाद भी कहीं काम शुरू नहीं हुआ। माकपा नेता रघुवीर वर्मा ने कहा कि प्रशासन के इस रवैये से मजदूरों में भारी नाराजगी है और अब केवल आश्वासन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

रोजी-रोटी का संकट गहराया

यूनियन का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में हजारों परिवारों की आजीविका मनरेगा पर निर्भर है। काम बंद रहने से मजदूरों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सभी ग्राम पंचायतों में तत्काल प्रभाव से कार्य शुरू किए जाएं, मनरेगा की पूर्व व्यवस्था बहाल की जाए तथा वीबीजी-आधारित व्यवस्था वापस ली जाए।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन होगा तेज

मजदूरों ने 281 रुपये प्रतिदिन निर्धारित मजदूरी का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के साथ कार्यस्थलों पर पेयजल, छाया, प्राथमिक उपचार, पालना गृह और अन्य सभी अनिवार्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को जिलेभर में और व्यापक रूप दिया जाएगा।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---