नगर परिषद में लगे शिविर में प्रमाण पत्र और पट्टे वितरित, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान
हनुमानगढ़। टाउन स्थित नगर परिषद कार्यालय में बुधवार को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत शहरी सेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर लोगों को राहत प्रदान की गई।
विभिन्न विभागों ने सुनी जनसमस्याएं
शिविर के दौरान पट्टा, नामांतरण, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, पेयजल, बिजली, स्वच्छता सहित अन्य विभागों से जुड़े प्रकरणों की सुनवाई की गई। संबंधित अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच के बाद अनेक आवेदनों का तत्काल समाधान किया। नगर परिषद के अधिशाषी अभियंता रामप्रताप मीणा, शिविर प्रभारी बबलू, करणी सिंह, भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी और नगर मंडल अध्यक्ष नितिन बंसल ने भी नागरिकों से संवाद कर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
लाभार्थियों को सौंपे प्रमाण पत्र और पट्टे
शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को विभिन्न प्रमाण पत्र और पट्टों का वितरण भी किया गया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से आमजन को सरकारी सेवाएं उनके निवास क्षेत्र के निकट उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उन्हें कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ें और समय पर राहत मिल सके।
योजनाओं की जानकारी भी दी गई
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से सूचना एवं सहायता स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र नागरिकों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की गई। अधिकारियों ने कहा कि पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी प्रशासन के तहत प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।






