महिला सुरक्षा पर छात्राओं को किया जागरूक

कालिका पेट्रोलिंग टीम ने हेल्पलाइन नंबर, राजकॉप ऐप और आत्मरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी

राज्य सरकार के महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जंक्शन स्थित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण ले रही महिलाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही सभी प्रशिक्षणार्थियों के मोबाइल फोन में राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड करवाकर उसके उपयोग की जानकारी भी दी गई।

हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता समझाई

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने 112 आपातकालीन सेवा, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1090 महिला हेल्पलाइन सहित अन्य महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी। महिला कांस्टेबलों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में इन हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग कर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने प्रतिभागियों से किसी भी घटना की सूचना बिना झिझक पुलिस तक पहुंचाने की अपील की।

ट्रेन यात्रा के दौरान भी मिलेगी मदद

कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने महिलाओं को रेलवे हेल्पलाइन 182 के बारे में भी जानकारी दी। बताया गया कि ट्रेन यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर इस नंबर पर संपर्क करने से रेलवे पुलिस तुरंत सहायता उपलब्ध कराती है। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है, जिससे महिलाएं बिना किसी संकोच के शिकायत दर्ज करा सकती हैं।

कालिका पेट्रोलिंग की कार्यप्रणाली बताई

महिला कांस्टेबल माया ने बताया कि कालिका पेट्रोलिंग यूनिट में 12 महिला कांस्टेबल तैनात हैं, जिनमें छह जंक्शन और छह टाउन क्षेत्र में नियमित गश्त करती हैं। टीम स्कूलों, कॉलेजों, पार्कों, बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर दो पालियों में निगरानी रखती है। छात्राओं से छेड़छाड़ या महिलाओं को परेशान करने की सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर कानूनी कार्रवाई करती है। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षणार्थियों से सुरक्षा संबंधी किसी भी समस्या पर तुरंत पुलिस या कालिका पेट्रोलिंग यूनिट से संपर्क करने का आग्रह किया गया। इस अवसर पर संस्थान के अनुदेशक अनिल राठौड़, मुकेश भानुशाली, कार्यालय सहायक गणेशराम, रितिक अरोड़ा, विकास कुमार और सूरज कुमार भी उपस्थित रहे।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---