डेंगू रोकथाम को लेकर विशेष अभियान शुरू

जुलाईभर चलेगा ‘एंटी डेंगू मंथ’, घर-घर सर्वे और जनजागरूकता पर रहेगा जोर

हनुमानगढ़ जिले में डेंगू की रोकथाम और मच्छरों के प्रजनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जुलाई माह को ‘एंटी डेंगू मंथ’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने सभी खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। पूरे महीने जिलेभर में जनजागरूकता, स्रोत नियंत्रण और निगरानी संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

हर शुक्रवार चलेगा ‘चेक, क्लीन एंड कवर’ अभियान

सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत गांवों और शहरों में रैली, जनसभाएं, पोस्टर, पम्पलेट और अन्य सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों के माध्यम से लोगों को डेंगू से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। प्रत्येक शुक्रवार ‘चेक, क्लीन एंड कवर’ अभियान चलाकर घर-घर निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, पुराने टायरों और अन्य पात्रों में जमा पानी की जांच कर मच्छरों के लार्वा नष्ट किए जाएंगे। डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स (डीबीसी) प्रत्येक गतिविधि का ऑनलाइन रिकॉर्ड भी दर्ज करेंगे।

स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में जागरूकता

अभियान के दौरान विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और विभिन्न संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा स्थानीय मीडिया, सोशल मीडिया और रेडियो के माध्यम से भी डेंगू से बचाव के संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग लोगों से अपने आसपास सफाई बनाए रखने और कहीं भी पानी जमा नहीं होने देने की अपील करेगा।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से मांगा सहयोग

डिप्टी सीएमएचओ डॉ. अखिलेश शर्मा ने बताया कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में डेंगू जांच और उपचार के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। प्रत्येक क्षेत्र में रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) को भी सक्रिय रखा जाएगा, ताकि संदिग्ध या पुष्ट मरीज की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण तभी संभव है, जब आमजन भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने घर व आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---