महिला सुरक्षा पर पुलिस का मंथन, पुलिस लाइन में संपर्क सभा, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुरक्षा सखियों और छात्राओं से जुड़कर लिए सुझाव

 

हनुमानगढ़ पुलिस लाइन में मंगलवार को महिला सुरक्षा को लेकर विशेष संपर्क सभा आयोजित की गई। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना की अध्यक्षता में हुई बैठक में महिला सुरक्षा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने महिला अपराधों की रोकथाम, हेल्पलाइन सेवाओं के प्रभावी उपयोग और सुरक्षा कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर जोर देते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महिला बीट और कालिका पेट्रोलिंग पर जोर

बैठक में महिला बीट अधिकारी योजना और कालिका पेट्रोलिंग की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी बढ़ाकर महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही पॉक्सो एक्ट, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (पॉश) कानून, शी-बॉक्स, ई-बॉक्स, साइबर सुरक्षा, राजकॉप सिटीजन ऐप तथा महिला एवं बाल हेल्पलाइन से जुड़ी जानकारी भी साझा की गई।

पुलिसकर्मियों से सीधा संवाद

संपर्क सभा के दौरान अधिकारियों ने महिला पुलिसकर्मियों और अन्य कार्मिकों से सीधे संवाद किया। कर्मचारियों ने अपनी विभागीय और व्यक्तिगत समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं, जिनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया गया। अधिकारियों ने कहा कि पुलिसकर्मियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण भी विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है।

आत्मरक्षा प्रशिक्षण पर साझा हुए अनुभव

कार्यक्रम के दूसरे चरण में आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त छात्राओं, गृहिणियों, पीटीआई, सुरक्षा सखियों और राजीविका से जुड़ी महिलाओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण से बढ़े आत्मविश्वास और अपने अनुभव साझा किए, साथ ही महिला सुरक्षा कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने के सुझाव भी दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का संचालन एएसपी (एसआईयूसीएडब्ल्यू) राजकंवर और महिला थाना प्रभारी रजनदीप कौर ने किया। इस अवसर पर एएसपी (मुख्यालय) अरविंद, सीओ सिटी मीनाक्षी, जंक्शन थानाधिकारी रामचंद्र कसवा, सदर थानाधिकारी राकेश सांखला, संचित निरीक्षक अनिल कुमार, अपराध सहायक सुभाष कच्छावा सहित जिले के सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

7k network

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---